कौशाम्बी—
महेवाघाट क्षेत्र के अलवारा गांव में हुई थी घटना, विवाहिता के पिता समेत चार पर मुकदमा पिता-पुत्र गिरफ्तार
महेवाघाट क्षेत्र के अलवारा गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर हुए खौफनाक घटनाक्रम का हैरतअंगेज राजफाश हुआ है। जिस महिला की हत्या कर शव गायब करने के आरोप में पति जेल में है वह अपने मौसेरे भाई के साथ दिल्ली में मिली। घटना की जानकारी पर पीड़ित ससुर ने बहू के पिता समेत चार के खिलाफ साजिश रचने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम कराया है। पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर विवाहिता का कोर्ट के समझ बयान कराया है।
महेवाघाट क्षेत्र के अलवारा निवासी योगेंद्र तिवारी ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे राजू तिवारी की शादी वर्ष 2016 में सदर कोतवाली क्षेत्र के टेवां निवासी शारदा मिश्रा की बेटी अंकिता तिवारी से की है। आरोप है कि शादी के बाद से ही बहू का व्यवहार ठीक नहीं था और वह मनमानी करती थी। शिकायत करने पर मायके पक्ष के लोग उल्टा फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते थे। योगेंद्र तिवारी के मुताबिक वर्ष 2024 में बहू अपने मौसी के बेटे रामू उर्फ संकल्प मिश्रा निवासी परसिद्धपुर थाना धाता जनपद फतेहपुर के साथ बिना बताए दिल्ली चली गई। इसे लेकर रिश्तेदारों की मध्यस्थता से समझौता कराया गया। बहू अक्सर अपने मायके में रहती थी। कभी-कभी ससुराल आने के बाद भी उसका रवैया ठीक नहीं था। 21 जनवरी 2026 को बहू बिना बताए घर से कहीं चली गई।

इस बार वह अपने साथ जेवर व नकदी भी ले गई। बहू के मायके वालों की सहमति पर बेटे ने 22 जनवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस बहू की खोजबीन कर रही थी तभी मायके पक्ष ने साजिश करते हुए 20 फरवरी 2026 योगेंद्र तिवारी, बेटे, बेटी व अन्य ससुरालीजन के खिलाफ अंकिता की हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा कायम करा दिया। गिरफ्तारी के डर से पूरा परिवार घर में तालाबंद कर पलायन किए हुए हैं। पुलिस के दबाव बनाने पर निर्दोष बेटे राजू तिवारी ने 27 फरवरी को कोर्ट में सरेंडर कर दिया व तब से अभी तक जेल में हैं। योगेंद्र तिवारी का कहना है कि अब बहू के दिल्ली में रामू मिश्रा के किराए के भवन से बरामद हुई है। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित ने महेवाघाट थाने में शारधा मिश्रा, बेटे के साले गोपाल मिश्रा, मौसेरे भाई रामू उर्फ संकल्प मिश्रा व सैनी के रामपुर धमावां निवासी रिश्तेदार वरुण त्रिपाठी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा कायम कर आरोपित शारधा व उसके बेटे गोपाल मिश्रा को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।








