कौशाम्बी–
रिद्धि सिद्धि फाउंडेशन द्वारा “हर पिता का है अरमान, मेरी बेटी मेरा स्वाभिमान” विषय पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का सफल आयोजन भरवारी के वार्ड नंबर 12 कृष्णा नगर स्थित रिद्धि सिद्धि कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चायल क्षेत्र के निवर्तमान विधायक संजय कुमार गुप्ता ने किया, जो क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।
कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष वैकल्पिक परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के विभिन्न गांवों से लगभग 300 से अधिक बेटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान, प्रतिभा और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में भरवारी की वैष्णवी सरोज ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस प्रतियोगिता में वैष्णवी सरोज को प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लाने पर स्कूटी पुरस्कार के रूप में प्रदान की गई, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रोत्साहन है।

वहीं अन्य चयनित प्रतिभागियों में माही केसरवानी, रोशनी कुशवाहा, तनु शुक्ला, रोशनी, कनक भारती, अनुष्का गुप्ता, रागिनी पाल, शेजल कुशवाहा और आरती कुमारी को भी विभिन्न प्रकार के उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को उनकी रैंक के अनुसार शैक्षणिक छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई—
प्रथम 5 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 100% छात्रवृत्ति,
6 से 10 स्थान तक की छात्राओं को 50% छात्रवृत्ति,
तथा 11 से 20 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 25% छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर निवर्तमान विधायक संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि “बेटियाँ हमारे समाज की शक्ति हैं। उन्हें शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाना ही हमारा कर्तव्य है। ऐसे प्रयासों से वे अपने सपनों को साकार कर सकती हैं।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रिद्धि सिद्धि फाउंडेशन के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

यह आयोजन समाज में बेटियों के सम्मान और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से केपीएस की डायरेक्टर श्रीमती सीमा पवार भीटी प्रिंसिपल संजय कुमार श्रीवास्तव वार्ड नंबर 12 पार्षद सूरज यादव विजय कुमार नेहा यादव सुनील द्विवेदी दीपन शुक्ला रेनू गुप्ता आदि उपस्थित रहे।








