कौशांबी– सैनी कोतवाली परिसर में होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें हिंदू और मुस्लिम समुदाय के प्रमुख नागरिकों के साथ ग्राम प्रधानों को भी आमंत्रित किया गया, ताकि पर्व के दौरान किसी भी विवाद से बचा जा सके। बैठक में उपजिलाधिकारी सिराथू योगेश कुमार गौड़, क्षेत्राधिकारी सिराथू भैया संतोष कुमार सिंह और थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह उपस्थित थे। एसडीएम योगेश कुमार गौड़ ने क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि होलिका दहन 2 मार्च को और रंगों की होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। उन्होंने शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल और विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।

क्षेत्राधिकारी सिराथू भैया संतोष कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी साथ ही संवदेनशील और अतिसंवदेनशील इलाके भी चिंहित किए गए हैं, जहां पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सीसीटीवी के अलावा ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि डीजे निर्धारित ध्वनि मानकों के आधार पर ही बजाया जाए। यदि जांच के दौरान डीजे तय मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने यह भी चेतावनी दी है कि सड़कों पर स्टंट करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वहीं बैठक में मौजूद सभी लोगों ने प्रशासन के निर्देशों को सुना और शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।









