मो0 यासीन/कौशाम्बी-
चालक की हत्या कर करोड़ों का कॉपर लदा ट्रेलर लूटने के आरोपियों पर गैंगस्टर का मुकदमा कायम हुआ है। कोखराज पुलिस ने यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट के अनुमोदन पर की है। इसके बाद अवैध तरीके से अर्जित की गई बदमाशों की प्रापर्टी का ब्योरा भी पुलिस ने खंगालना शुरू कर दिया है। जल्द ही प्रापर्टी कुर्क कर दी जाएगी।
कोखराज इंस्पेक्टर चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि जौनपुर जिले के खेतासराय इलाके के पोरई खुर्द गांव का कार्तिक राजभर शातिर बदमाश है। उसने बदमाशों का गिरोह बना रखा है। उसके गैंग में आजमगढ़ जनपद के राजागंज कुम्भ बरदह निवासी रंजीत राजभर, कानपुर के मुंशी का पूरा डाकघर बाबू पुरवा निवासी मो. अकरम, कानपुर के ही मीरपुर चुन्नीलाल चौराहा रेल बाजार निवासी शकील अहमद, सिंह बिहार मन्नतवाली गली सेन पश्चिम पारा निवासी अमित कुमार गुप्ता व प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कटहुला निवासी आफताब शमिल हैं। गिरोह के सदस्य लूट और हत्या जैसी घटनाओं के अभ्यथ अपराधी हैं। इंस्पेक्टर के मुताबिक इन्होंने 15 मई 2025 को राजस्थान के ट्रेलर चालक राबरमल की हत्या कर दी थी। इसके बाद 3.80 करोड़ रुपये का रेलवे का कॉपर का तार लदा ट्रेलर लूट लिया था। चालक की लाश कोखराज इलाके के ककोढ़ा गांव के समीप झाड़ियों में फेंक दी थी। मामले में कुल नौ आरोपी प्रकाश में आए थे। एक को मुठभेड़ में ढेर किया जा चुका है। दो आरोपी नाबालिग थे। बाकी बचे छह आरोपियों पर गैंगस्टर का मुकदमा कायम हुआ है। कार्रवाई की जद में आए आरोपी बदमाश मो. अकरम व अमित कुमार जेल से बाहर हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना हो गई है। संबंधित उपजिलाधिकारियों को पत्र भेजकर कौशाम्बी पुलिस ने बदमाशों की प्रापर्टी का ब्योरा मांगा है।









