कौशांबी। थाना सराय अक़ील क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से 10 लाख की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। बुधवार, 20 नवंबर 2025 को थाना सराय अक़ील पुलिस एवं जनपद SOG टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए राजापुर, जनपद चित्रकूट के रहने वाले तीन बदमाश—आकाश सेन, अर्जुन मेहतर व रामप्रकाश यादव—को मुठभेड़ में घायल करते हुए पकड़ लिया। मुठभेड़ में आकाश सेन के दोनों पैरों में गोली लगने की पुष्टि हुई है। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि दो अन्य आरोपी—विपिन व शनि सोनकर—को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम ने आरोपियों से लूटा गया पूरा माल (ज्वेलरी), घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, तमंचे, खोखा व बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।अभियुक्त आकाश सेन व अर्जुन शातिर किस्म के अपराधी व थाना राजापुर जनपद चित्रकूट के हिस्ट्रीशीटर है,उनके ऊपर गंभीर अपराधों गैंगस्टर आदि के लगभग आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
इस सफल पुलिस कार्रवाई का श्रेय पुलिस अधीक्षक कौशांबी के कुशल नेतृत्व, त्वरित एक्शन, एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख़्त अभियान को दिया जा रहा है। लगातार प्रभावी मॉनिटरिंग और टीमवर्क के चलते एसपी की तत्परता ने न सिर्फ बड़ी वारदात का खुलासा कराया, बल्कि जिले में अपराधियों के मन में कानून का भय भी स्थापित किया है।
स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों ने एसपी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन की ऐसी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।








