
हाइलाइट्स
किआ ने कैरेंस एमपीवी का रिकाॅल जारी किया है.
कैरेंस के 30,000 यूनिट्स को वापस मंगाया जा रहा है.
कंपनी ने साॅफ्टवेयर में कुछ गड़बड़ी का पता लगाया है.
नई दिल्ली. किआ ने भारत में अपनी यूटिलिटी व्हीकल कैरेंस (Kia Carens) के लिए बड़े स्तर पर रिकॉल जारी किया है. कंपनी कैरेंस एमपीवी (मल्टी पर्पस व्हीकल) की 30,000 यूनिट्स को ग्राहकों से वापस मंगा रही है. कोरियाई कार निर्माता ने सोमवार को इसकी घोषणा की. यह दूसरी बार है कि किया मोटर कैरेंस के लिए रिकॉल जारी कर रही है. कैरेंस को पिछले साल फरवरी में लॉन्च किया गया था. कंपनी ने इसे बीएस-6 फेज-2 नॉर्म्स के अनुसार भी अपडेट कर दिया है.
कंपनी के अनुसार, कैरेंस के कुल 30,297 यूनिट्स को रिकॉल किया गया है. इन सभी कारों को सितंबर 2022 से फरवरी 2023 के बीच बनाया गया था. इंडियन मार्केट में किआ कैरेंस का मुकाबला टोयोटा इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल6 से है.
ये बनी रिकॉल की वजह
किआ के मुताबिक, कैरेंस के इंफोटेनमेंट सिस्टम के सॉफ्टवेयर में कुछ गड़बड़ी का पता लगाया गया है जिसके वजह से स्क्रीन पूरी तरह ब्लैंक हो जाता है. इसके चलते कार चालक को बार-बार इंफोटेनमेंट सिस्टम को रिबूट करना पड़ता है. कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में बताया है कि इस समस्या से प्रभावित कारों की जांच के लिए उन्हें रिकॉल किया जा रहा है. जरूरत पड़ने में कंपनी प्रभावित कारों में सॉफ्टवेयर देकर उन्हें ठीक करने की कोशिश करेगी . कंपनी यह भी बताया कि इसके लिए ग्राहकों से किसी भी तरह का चार्ज नहीं लिया जाएगा .
जैसा कि कंपनी ने घोषणा की है, इस स्वैच्छिक रिकॉल अभियान के बारे में अपडेट देने के लिए कंपनी प्रभावित किआ कैरेंस मालिकों से सीधे संपर्क करेगी . इसके अलावा, प्रभावित वाहनों के ग्राहकों को अपॉइंटमेंट शेड्यूल करने के लिए अपनी संबंधित कंपनी के अधिकृत डीलरों से संपर्क करना होगा .
कैसी है किआ कैरेंस?
किआ कैरेंस की कीमत 10.45 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप वेरिएंट के लिए 18.90 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) तक जाती है. इसे छह ट्रिम्स, प्रीमियम, प्रेस्टीज, प्रेस्टीज प्लस, लक्जरी, लक्जरी (ओ) और लक्जरी प्लस में उपलब्ध कराया गया है. यह एमपीवी 6 और 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन, दोनों में आती है. इसे जल्द ही 5-सीटर लेआउट में भी लाने की तैयारी चल रही है.
फीचर्स की बात करें तो, इसमें वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले के साथ 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजीटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, क्रूज कंट्रोल, एम्बिएंट लाइटिंग, हवादार फ्रंट सीटें और सिंगल-पैन सनरूफ जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा इसमें दूसरी पंक्ति की सीटों के लिए इलेक्ट्रिक वन-टच फोल्डिंग सिस्टम शामिल हैं. इसके 7-सीटर वेरिएंट में 216 लीटर का बूट स्पेस मिलता है.
किआ कैरेंस: इंजन और परफॉर्मेंस
किआ कैरेंस को तीन इंजन में पेश किया गया है. इसमें पहला 1.5-लीटर पेट्रोल (115PS/144Nm) इंजन है जिसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. वहीं दूसरा इंजन 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल (160PS/253Nm) इंजन है जिसे 6-स्पीड iMT या 7-स्पीड DCT (डुअल-क्लच ऑटोमैटिक) गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है. तीसरा इंजन 1.5-लीटर डीजल (115PS/250Nm) है जिसके साथ iMT या 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प दिया गया है.
.
Tags: Auto News, Car Bike News, Cars, Kia motors
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 11:59 IST






