
मुंबईः राज बब्बर की गिनती बॉलीवुड के उन अभिनेताओं में होती है, जिन्होंने अपने हर किरदार को बहुत ही शिद्दत के साथ निभाया. वह कभी हीरो बनकर दर्शकों के दिलों में छाए तो कभी विलेन बनकर. खास बात तो ये थी कि कभी राज बब्बर के साथ एक इमेज बंधकर नहीं रही, क्योंकि उन्होंने अपने आप को एक इमेज में कभी बंधने ही नहीं दिया. उन्होंने अपने हर किरदार की छाप दर्शकों पर छोड़ी. अपने 45 साल के करियर में राज बब्बर ने कई हिट फिल्में दीं. लेकिन, दूसरे एक्टर्स की तरह उनके साथ भी ऐसा कई बार हुआ, जब जबरदस्त फिल्में उनके हाथ से निकल गईं.
‘इंसाफ का तराजू’ में जीनत अमान के साथ फिल्माया सीन आज भी लोगों के जेहन में बसा है. यही वो फिल्म थी, जिसने राज बब्बर के करियर की काया पलट दी. लेकिन, राज बब्बर को एक बात का हमेशा मलाल रहा, और वो बात ये है कि करियर की शुरुआत में अमिताभ बच्चन और शशि कपूर के चलते उन्होंने कई बड़ी और अच्छी फिल्में गंवा दीं.
एक इंटरव्यू में राज बब्बर ने इस बारे में बात की थी और बताया कि उन्होंने जिस भी फिल्म को हाथ में लिया, वह कोई और हथिया ले जाता था. एक फिल्म तो ऐसी थी कि जिसके लिए राज बब्बर ने साइनिंग अमाउंट तक ले लिया था, लेकिन अचानक उन्हें बिना कारण बताए ही इस फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया और फिल्म में उनकी जगह अमिताभ बच्चन को ले लिया गया. ये फिल्म थी ‘शक्ति’, जिसमें अमिताभ बच्चन के साथ स्मिता पाटिल भी थीं.
राज बब्बर ने ऐसी ही एक और फिल्म के बारे में बताया, ये फिल्म थी अमिताभ बच्चन स्टारर ‘नमक हलाल’. इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ विनोद खन्ना को लिया जाना था, लेकिन इसी बीच विनोद खन्ना ने फिल्मों से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया. ऐसे में डायरेक्टर प्रकाश मेहरा ने फिल्म में राज बब्बर को लेना चाहा. मेहरा ने राज बब्बर को फोन किया, लेकिन राज इस कॉल से खुश कम और डरे हुए ज्यादा थे, जिसकी वजह उनके पिछले एक्सपीरियंस थे.
लेकिन, राज बब्बर के साथ फिर वही हुआ. उन्हें प्रकाश मेहरा ने जो ऑफर किया, वह शशि कपूर के खाते में चला गया. ये फिल्म नमक हलाल थी, जिसमें राज बब्बर, अमिताभ बच्चन, परवीन बॉबी, वहीदा रहमान और स्मिता पाटिल के साथ स्क्रीन शेयर करते, जो बाद में उनकी पत्नी भी बनीं. राज बब्बर इस बात से बेहद निराश हो गए थे कि उन्हें फिल्म से अचानक निकालकर शशि कपूर को ले लिया गया.
.
Tags: Amitabh bachchan, Bollywood, Raj babbar, Shashi Kapoor
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 11:22 IST





