
विक्रम कुमार झा/पूर्णिया. दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की जीवनी पर बनी फिल्म शशांक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो गई है. बीते 14 जून को सुशांत की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि स्वरुप यह फिल्म रिलीज की गई. फिल्म शशांक के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर बिहार के पूर्णिया से ताल्लुक रखने वाले बॉलीवुड एक्टर रवि सुधा चौधरी हैं. उन्होंने कहा कि मेरी फिल्म शशांक पूर्णिया के लाल सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि पर उनको श्रद्धांजलि है. इस फिल्म को लोग ओटीटी प्लेटफॉर्म हंगामा और मैक्स प्लेयर पर देख सकते हैं. यह फिल्म सुशांत सिंह राजपूत को श्रद्धांजलि है.
रवि ने कहा कि यह दिन (14 जून) हम सभी के लिए काला दिवस के रूप में मनाया जाता है. उन्होंने कहा कि वो दिन हमारे लिए दुखदायी था, जब हमने पूर्णिया के लाल सुशांत सिंह राजपूत को खो दिया. वो बताते हैं कि सुशांत की मृत्यु के बाद उनकी पूरी टीम ने उनके पैतृक आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की थी. बाद में, मेरे मन में ख्याल आया कि सुशांत सिंह राजपूत की जीवनी पर फिल्म बनाई जाये. सुपरस्टार सुशांत ने एक छोटे से शहर से निकल कर ऊंचाई को छुआ, मुकाम हासिल किया. ऐसी बातों से हमारा समाज और लोग इंस्पायर होते हैं. उनको एक प्रेरणा मानते हैं.
यहां चमकने के लिए झेलनी पड़ती है बहुत कठिनाई
क्या हमने सोचा है कि सुशांत सिंह राजपूत ने जो मुकाम पाया था, उसको बनाए रखने के लिए उन्होंने कितना संघर्ष झेला होगा. क्योंकि उनके साथ भी पहले भी पॉलिटिक्स हो रही थी. आउटसाइडर थे इस वजह से कहीं ना कहीं हैरसमेंट का सामना करना पड़ा. यह फिल्म इंडस्ट्री चांद वाली दुनिया है, यहां लोगों को सबकुछ चमकता दिखता है, लेकिन स्टार की वास्तविक जिंदगी में कितने दाग और धब्बे हैं, मायूसी है, कितनी परेशानियां है, यह उन्हें नहीं पता होता.
बॉलीवुड एक्टर रवि सुधा चौधरी ने बताया कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्म शशांक को रिलीज किया गया है. लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया आ रही है. दर्शक इस कहानी को समझ पा रहे हैं और कनेक्ट कर पा रहे हैं. वो बताते हैं कि इस फिल्म की शूटिंग में लगभग एक साल का समय लगा. बीच में उन्हें कई तरह की कानूनी प्रक्रियाएं भी झेलनी पड़ीं. जिसके बाद अब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दी गई है.
उन्होंने कहा कि इस फिल्म में स्पष्ट रूप से दिखाया गया है कि हर सुपरस्टार के जीवन में मोड़ आता है, उसको विफलता देखनी पड़ती है. उसके बाद अंधेरे में वो कहीं खो जाता है. मेरी फिल्म में ऐसी चीजों को दिखाने का काम किया गया है. लोगों को इसकी कहानी से सीख लेनी चाहिए.
इस फिल्म से सभी को मिलती है प्रेरणा
अगर जीवन में किसी भी तरह की कोई कठिनाई आती है, तो हमें उससे संघर्ष करना चाहिए. हारना नहीं चाहिए. डट कर सामना करना चाहिए. हमें विफलता को दबा कर सफलता को पाना होगा. उन्होंने कहा कि जब इंसान का कमजोर पल आता है, तो उसके समाज का, परिवार का अहम किरदार होता है. उसका साथ ना छोड़ें, उसको क्रिटिसाइज ना करें. आपका मोटिवेटेड स्टेटमेंट उसकी जिंदगी को बना सकता है. वहीं, एक डिमोटिवेट स्टेटमेंट उसकी जिंदगी को बिगाड़ सकता है. इसलिए कोई भी कदम उठाएं या किसी पर भी कमेंट करें तो सोच-समझ कर करें. किसी की जिंदगी का सवाल है.
.
Tags: Bihar News in hindi, Bollywood news, Entertainment news., Local18, Purnia news, Sushant singh Rajput
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 11:34 IST





