
आशीष कुमार शर्मा/दौसा. प्रदेश में आगामी दिनों में विधानसभा चुनाव को देखते हुए एडीजी क्राइम के निर्देश पर पूरे राजस्थान में बदमाशों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत दौसा में एसपी वंदिता राणा के सुपरविजन में दिनभर अभियान चला और अवांछित गतिविधियों में लिफ्त रहने वाले बदमाशों की धरपकड़ की गई. दौसा में कुल 210 जगहों पर एक साथ दबिश दी गई. इस अभियान में 742 पुलिसकर्मियों की 74 टीमों ने एक साथ कार्रवाई की. जिले से कुल 305 अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं.
पूरे जिले में एक साथ पुलिस की छापामार कार्रवाई से बदमाशों में हड़कंप मच गया. इस दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, अवैध शराब, अवैध हथियार और जुआ-सट्टा के मामलों में भी कार्रवाई की. उद्घोषित अपराधी, स्थायी वारंटी, भगोड़े, इनामी बदमाश और 173(8) सीआरपीसी में वांछित अपराधियों की भी धरपकड़ की गई.
दौसा एसपी वंदिता राणा ने बताया कि जिले में गैंगवार की घटनाओं व अपराध को रोकने, क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है. इसमें अपराधियों का महिमामंडन करने व सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. सुबह से यह कार्रवाई शुरू की गई थी, जिसमें कुल 305 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है. साथ ही 15 आपराधिक मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं. पुलिस के द्वारा 6 वाहन, मोबाइल व अन्य संदिग्ध सामान जब्त किए गए हैं.
.
Tags: Accused arrested, Dausa Police, Local18
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 08:42 IST





