पाकिस्तान: सिखों पर बढ़ा IS का हमला, पेशावर में एक शख्स को गोलियों से किया छलनी, 48 घंटे में दूसरा अटैक

पेशावर. पेशावर में रविवार रात बंदूकधारियों ने एक हमले में पाकिस्तान के अल्पसंख्यक सिख समुदाय के एक सदस्य की हत्या कर दी. हमले की जिम्मेदारी लेते हुए, इस्लामिक स्टेट (आईएस) आतंकवादी समूह ने कहा कि मनमोहन सिंह ‘बहुदेववादी’ सिख संप्रदाय का अनुयायी था.

पुलिस ने बताया कि मनमोहन सिंह (35) नाम के एक सिख व्यक्ति की कुछ हथियारबंद लोगों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह पेशावर के उपनगरीय इलाके रशीद गढ़ी से कहीं जा रहे थे. घटना यक्का तूत पुलिस थाना क्षेत्र के गुलदारा चौक ककशल के पास हुई. पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ लक्षित हमलों का यह नया मामला है. पुलिस ने बताया कि सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पेशावर पुलिस प्रमुख अशफाक अनवर ने संवाददाताओं को बताया कि सिंह की हत्या के मामले में कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है. सिंह पेशे से ‘हकीम’ (यूनानी दवा व्यवसायी) थे. पुलिस प्रमुख ने बताया कि पुलिस हत्या में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के करीब पहुंच चुकी है.

पिछले 48 घंटों में यक्का तूत इलाके में किसी सिख व्यक्ति पर हमले की यह दूसरी घटना है. शुक्रवार को गोली लगने से एक सिख व्यक्ति घायल हो गया था. सिख व्यापारी त्रिलोक सिंह पर हुए हमले के संबंध में आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) जांच कर रही है. पुलिस का मानना है कि पेशावर में 48 घंटों के भीतर दो सिख व्यक्तियों पर हुए हमले की गहन जांच के बाद ही इसके पीछे मौजूद वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

एसजीपीसी प्रमुख ने सिख व्यक्ति की हत्या की निंदा की
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने पाकिस्तान में एक सिख व्यक्ति की हत्या की निंदा की है. हरजिंदर सिंह धामी ने रविवार को अमृतसर में एक बयान में कहा कि पाकिस्तान में मनमोहन सिंह की हत्या बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान में अल्पसंख्यक सिखों की सुरक्षा को लेकर वहां की सरकार को गंभीर होना चाहिए. दो दिन में सिखों पर हमले की यह दूसरी घटना है.’

धामी ने कहा कि यह दुखद है कि पाकिस्तान में पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं. उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने पिछले मामलों में दोषियों को कड़ी सजा दी होती तो दोबारा ऐसा नहीं होता. एसजीपीसी अध्यक्ष ने पाकिस्तान सरकार से सिख दुकानदार की हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

(इनपुट पीटीआई से भी)

Tags: Islamic state, Pakistan, Peshawar, Sikh

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More