
अभिलाष मिश्रा/इंदौर: प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर आने वाले दिनों में और अधिक सुंदर और आकर्षक नजर आएगा. जल्द ही मंदिर का सुंदरीकरण किया जाना है. मंदिर को और अधिक आकर्षक बनाने के साथ-साथ ही श्रद्धालुओं को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर में तमाम प्रकार की सुविधाओं का विस्तार भी किया जाना है.
इसके अलावा अब आपको खजराना गणेश मंदिर में 24 घंटे गणेश मंत्र और गणेश वंदना सुनाई देगी. बता दें कि खजराना गणेश मंदिर इंदौर का एक ऐसा मंदिर है, जहां सुबह और शाम के अलावा हर समय भक्तों का तांता लगा रहता है. अब खजराना गणेश मंदिर में 24 घंटे मंत्रों की ध्वनि और गणेश वंदना सुनाई पड़ेगी.
लगेंगे लकड़ी के शेड
खजराना गणेश मंदिर में लाइटिंग से लेकर, फव्वारे, बैठने के लिए बेंच, दुकानों के सुंदरीकरण का काम जल्द किया जाने वाला है. इस पूरे संबंध में निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने बताया कि खजराना गणेश मंदिर में काफी बड़ी तादाद में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन करने आते हैं, जिसको ध्यान में रखते हुए अब खजराना गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए लकड़ी के शेड बनाए जाएंगे. सुंदरीकरण को लेकर और भी बहुत से कार्य किए जाने हैं.
बच्चों के लिए प्ले गार्डन
आगे बताया कि मंदिर प्रांगण में प्लांटेशन कर लगभग 8 हजार पौधे रोपे जाएंगे. बच्चों के लिए प्ले गार्डन, पार्किंग क्षेत्र में लकड़ी की रेलिंग प्लांटेशन, फव्वारे, सौर ऊर्जा के माध्यम से लाइटिंग, हेरिटेज लुक में लाइट, श्रद्धालुओं के बैठने की उत्तम व्यवस्था के लिए बेंच, दुकानों की छत जूट के माध्यम से बनाना जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे. साथ ही मंदिर में भगवान गणेश की वंदना और मंत्र धीमी आवाज में लगातार बजते रहेंगे.
.
Tags: Indore news, Khajrana Ganesh Temple, Local18, Mp news
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 20:55 IST





