
हाइलाइट्स
अनिल का पिछले 2 साल से गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था
परिजनों के विरोध पर अनिल युवती के साथ फरार हक्लार नासिक चला गया
2 साल बाद वापस लौटे तो गांव वालों ने दोनों की धूमधाम से शादी करवा दी
रायबरेली. यूपी के रायबरेली जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो ऑनर किलिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों के मुंह पर तमाचे से कम नहीं. मामला प्रेमी-प्रेमिका की शादी से जुड़ा हुआ है. गांव का रहने वाले अनिल का पिछले 2 साल से गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी के चलते वो युवती को लेकर गांव से भाग गया. जब वो 2 साल बाद गांव आया तो परिवार के लोग ताने मार रहे थे. जिसके चलते आए दिन विवाद होने लगा. तभी गांव के कुछ संभ्रांत व्यक्तियों ने प्रेमी जोड़े को गांव के लोगों के ताने से बचाने और वाद विवाद को खत्म करने के लिए दोनों की हिंदू रीति-रिवाज से धूमधाम से शादी करा दी. इस शादी से प्रेमी जोड़ों के साथ-साथ परिवार और गांव के लोग काफी खुश नजर आ रहे हैं.
हिंदू रीति रिवाज की रस्म को पूरा करते हुए दूल्हा बने युवक का नाम अनिल है. पिछले 2 साल से शकुंतला नाम की एक युवती से अनिल का प्रेम प्रसंग शुरू हुआ. घर वाले युवक के प्रेम प्रसंग के खिलाफ थे, लेकिन इसके बाद भी दोनों का प्रेम परवान चढ़ता रहा. इसी बीच युवक घरवालों की मर्जी के बगैर शकुंतला को लेकर नासिक चला गया. 2 साल तक नासिक में अनिल और शकुंतला पति-पत्नी की तरह रहे. 2 साल बाद अनिल जब अपने गांव मीठापुर वापस आया तो परिवार में झगड़ा शुरू हो गया. यही नहीं गांव के लोग भी ताने मारने लगे. आए दिन झगड़े को देखते हुए गांव के लोगों ने हिंदू रीति रिवाज के तहत बाकायदा अनिल की बारात निकाली और गांव के बाहर कुछ दूरी पर लड़की पक्ष के लोगों को भी बुलाया गया. बारात नाच गाने के साथ लड़की पक्ष के दरवाजे पहुंची, जहां पर बाकायदा बारातियो का स्वागत किया गया. गाजे-बाजे के साथ निकली बारात को देखने वाले लोगों का तांता लग गया. बारात में सभी लोग खुश नजर आए.
दुल्हन के भाई और पिता व उनके रिश्तेदारों ने हिंदू रीति रिवाज की शादी की रस्में पूरी की. दूल्हा बने अनिल ने बाकायदा शकुंतला की मांग में सिंदूर भी भरा. यही नहीं दोनों ने सात फेरे भी लिए और उसके बाद दोनों कि हिंदू रीति रिवाज के तहत शादी संपन्न हुई. इसके बाद दूल्हा बने अनिल ने अपनी पत्नी को विदा कर अपने घर पहुंचा. गांव के पूर्व ग्राम प्रधान दयाशंकर चौधरी व सन्तोष चौधरी समेत अन्य गांव के लोगों ने बारात के लिए खाने पीने की व्यवस्था की. शादी के खर्च को भी सभी ने मिलकर उठाया. ग्राम प्रधान ने बताया कि शकुंतला नाम की लड़की से गांव के ही अनिल का प्रेम प्रसंग चल रहा था. जिसके चलते दोनों गांव से नासिक चले गएऔर वहीं पर रहे. 2 साल बाद जब गांव आए तो गांव के लोग और परिवार के लोग शादी की रस्म पूरी ना होने से तरह-तरह के ताने मारने लगे. जिसके चलते हम सब ने मिलकर हिंदू रीति रिवाज से शादी को संपन्न कराया। जिससे अनिल और शकुंतला अपने घर में समाज के बीच सर उठा कर रह सके.
.
Tags: Raebareli News, UP latest news
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 10:52 IST





