Weather Update: पूरे देश में मॉनसून की बहार, आज 30 राज्यों में बारिश की उम्मीद, उत्तराखंड में IMD का रेड अलर्ट

नई दिल्ली. मॉनसून (Monsoon) अब महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department- IMD) के मुताबिक मॉनसून की उत्तरी सीमा अब अलीबाग, सोलापुर, उदगीर, नागपुर, मंडला, सोनभद्र, बक्सर, सिद्धार्थनगर, पंतनगर, बिजनौर, यमुनानगर, ऊना और द्रास से होकर गुजर रही है. अगले 2 दिनों के दौरान मुंबई, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों, बिहार के बाकी हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, चंडीगढ़, दिल्ली सहित हरियाणा, गुजरात, पूर्वी राजस्थान और पंजाब के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.

आईएमडी ने 25 जून ओडिशा और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश (Very Heavy rainfall) होने की संभावना जताई है. उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया गया है. आज झारखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर भारी बरसात (Rainfall) होने की उम्मीद है.

Weather Update

आईएमडी ने आज हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है. आज अरुणाचल प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पूर्वी राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आंधी-बिजली और गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है.

आईएमडी ने आज पश्चिम मध्य और दक्षिण-पश्चिम और पूर्व मध्य अरब सागर और मन्नार की खाड़ी के आसपास के हिस्सों और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट और निकटवर्ती पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में 45-55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है. केरल-कर्नाटक-महाराष्ट्र तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में श्रीलंका तट के पास, ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों और उसके आसपास तूफानी मौसम में हवा की गति 40-45 किमी प्रति घंटे से लेकर 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. मछुआरों को इन इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है.

Tags: Heavy Rainfall, Monsoon, Monsoon news, Weather updates

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More