
नई दिल्ली. राज बब्बर (Raj Babbar Birthday) हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का वो नाम हैं जिसने अपने करियर के दौरान लगभग हर तरह के रोल किए हैं. लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता बतौर खलनायक ही मिली है. जब-जब ये एक्टर पर्दे पर खलनायक बन लौटे हैं ऑडियंस ने दिल खोलकर प्यारा लुटाया है और फिल्म ने बॉक्स- ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई भी की है. लेकिन कुछ महीनों पहले आई एक वेब सीरीज में इस एक्टर का बिल्कुल ही अलग अंदाज दिखा था.
राज बब्बर को आखिरी बार इस साल आई वेब सीरीज ‘ हैप्पी फैमिली- कंडीशंस अप्लाई’ में देखा गया था. इस सीरीज के प्रमोशन के दौरान एक्टर कॉमेडी किंग कपिल शर्मा के शो ‘द कपिल शर्मा शो’ पर शिरकत करने पहुंचे थे. इस दौरान एक्टर के साथ उनके तीनों बच्चे- प्रतीक बब्बर, आर्या बब्बर और जूही बब्बर भी मौजूद थे.
कपिल ने पूछा मजेदार सवाल-
कपिल शर्मा संग बातचीत के दौरान एक्टर ने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े कई मजेदार खुलासे भी किए. इस बातचीत को आगे बढ़ाते हुए कॉमेडी किंग ने एक्टर से एक ऐसा सवाल पूछ डाला जिसकी शायद उन्हें भी उम्मीद नहीं थी. कपिल पूछते हैं कि क्या कभी उनके साथ ऐसा हुआ है कि किसी फिल्म निर्माता और निर्देशक ने पहले उनके पैसे नहीं दिए हों, लेकिन जबसे वह राजनीति में आए हैं तो लोगों ने डर से उनके पैसे दे दिए.
‘न घर का रहा ना घाट का ….’-
इस सवाल के जवाब में राज बब्बर ने कहा, “ जब से मैं सोशल लाइफ में चला गया तो जिन्हें पैसे देने थे उन्होंने भी नहीं दिए, उनको लगा कि अब राज जी को पैसों की क्या जरूरत होगी”. वह आगे कहते हैं, “ बहुत गलत इम्प्रेशन है ना पॉलिटिशियन्स का कि एक बार आप राजनीति में चले गए तो आप 100-500 करोड़ के आदमी तो बन ही जाते हैं. लेकिन हमारा क्या हुआ न मुझ जैसा आदमी न घर का रहा न घाट का. यहां से पेमेंट मिली नहीं और वहां मैंने कुछ कमाया नहीं.”
राज बब्बर के ये मजेदार खुलासे सुनकर वहां मौजूद ऑडियंस के साथ ही कपिल शर्मा और अर्चना पूरण सिंह का भी हंसते- हंसते बुरा हाल हो गया था.
.
Tags: Entertainment Special, Prateik Babbar, Raj babbar
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 04:30 IST






