
बर्लिन. वर्ल्ड गेम्स 2023 में स्पेशल ओलंपिक भारत की टीम का खाता रजत पदक से खुला है. पावरलिफ्टिंग में टी. विशाल ने इस साल भारत के लिए पहला पदक जीता. 16 वर्षीय विशाल ने पुरुषों के स्क्वाट (122.50 किग्रा), डेडलिफ्ट (155 किग्रा), बेंच प्रेस (85 किग्रा) और कम्बाइंड में रजत पदक जीता और बर्लिन में स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड गेम्स भारत को पदक तालिका में शामिल किया. विशाल के अलावा कई अन्य एथलीट अपने-अपने इवेंट्स के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे हैं.
टी. विशाल पुडुचेरी के हैं. विशाल ने टोन सेट कर दिया है और इसी पर चलते हुए कई अन्य भारतीय भी पदक की दौड़ में शामिल हो गए हैं. कई भारतीयों ने विभिन्न खेलों में फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है. 800 मीटर धावक आसिफ मलानूर (लेवल बी), सोहम राजपूत (लेवल सी) और गीतांजलि नागवेकर (लेवल डी) अपने इवेंट के फाइनल में पहुंच गए हैं. लिबिन मल्लिका राजकुमार (लेवल बी) 200 मीटर में फाइनल में पहुंचे हैं. इसी तरह पुरुषों की 4×400 मीटर टीम ने भी फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है.
पूल में सेमीफाइनल में पहुंचे 11 तैराकों में से छह ने अपनी स्पर्धाओं के फाइनल में जगह बनाई है. पुरुष वर्ग में माधव मदान (25 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, लेवल ए और 25 मीटर फ्रीस्टाइल, लेवल ए), दिनेश शनमुगम (50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, लेवल बी, 25 मीटर फ्रीस्टाइल, लेवल ए), अब्दुल रहमान (50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, लेवल बी, 25 मीटर फ्रीस्टाइल लेवल ए) ) और टीनू मोंसी (25 मीटर फ्रीस्टाइल, लेवल ए) ने अपने इवेंट के फाइनल में जगह बनाई है.
महिला वर्ग में प्रार्थना (25 मीटर फ्रीस्टाइल, लेवल ए), अलीना एंथनी (50 मीटर फ्रीस्टाइल लेवल बी) के पास अपने इवेंट के फाइनल में पदक जीतने का मौका है. एंथनी, शनमुगम और रहमान का फाइनल 20 जून को होना है.
.
Tags: Sports news
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 09:41 IST






