बड़ी खबर: BPSC शिक्षक भर्ती में सीटेट-बीटेट वालों के लिए हुआ बदलाव, अंकों में मिली छूट, देखें डिटेल्स


सच्चिदानंद, पटना. बीपीएससी के तहत शिक्षक बनने वालों के लिए बड़ी खबर है. बीपीएससी द्वारा जारी हुए विज्ञापन के अनुसार आवेदन प्रक्रिया चल रही है. इसी बीच प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने नया आदेश जारी किया है. इस आदेश से 35 से 40 हजार अभ्यर्थियों को फायदा मिलने वाला है. शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए कहा कि राज्य में जारी शिक्षक भर्ती की आवेदन प्रक्रिया में सामान्य वर्ग की दिव्यांग, एससी-एसटी और महिला अभ्यर्थियों को सीटेट के अंकों में वही छूट मिलेगी, जो बीटेट अभ्यर्थियों को मिल रही थी. इसके साथ ही हर कोटि के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अंक का भी निर्धारण किया गया है. इसके साथ ही आपको बता दें कि कक्षा 1 से 5 तक शिक्षक भर्ती में महिलाओं के लिए 50 फीसदी सीट रिजर्व रहेगी.

सीटेट को भी वही छूट जो बीटेट को
शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए कहा कि सामान्य वर्ग की महिला, दिव्यांग और एससी-एसटी अभ्यर्थियों को सीटेट के अंकों में वही छूट मिलेगी जो बीटेट अभ्यर्थियों को थी. आपको बता दें कि सीटेट केंद्र सरकार करवाती है और बीटेट बिहार सरकार आयोजित करवाती है. इस आदेश के अनुसार सीटेट में सामान्य वर्ग की महिला जिन्हें न्यूनतम 82 अंक यानि कि 55% अंक मिला होगा वे भी कक्षा एक से पांच तक के 79943 पदों पर होने वाली शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगी. पहले इनके लिए न्यूनतम 60% अंक निर्धारित था.

इसी प्रकार एससी, एसटी और दिव्यांग कोटि वाले वैसे सीटेट अभ्यर्थी जिन्हें 75 अंक यानि कि 50% हासिल हुए हों, वे भी आवेदन के लिए पात्र माने जाएंगे. पहले इनके लिए न्यूनतम अंक 82 निर्धारित था.बीटेट अभ्यर्थियों के लिए यह छूट पहले से ही थी.

महिलाओं के लिए सीट रिजर्व
प्राइमरी अध्यापक यानी कि कक्षा 1 से 5 तक की शिक्षक भर्ती में महिला अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत सीट रिजर्व होगी. पंचायत और नगर निकायों में नियोजित शिक्षकों की अधिकतम उम्र सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है. टीईटी और एसटीईटी पास अभ्यर्थियों को अधिकतम उम्र सीमा में 10 वर्षों की छूट दी गई है. आपको बता दें कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालय अध्यापक के कुल 170461 पदों पर नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं.

ऑनलाइन आवेदन भरने की शुरूआत 15 जून से हो चुकी है तो वहीं अंतिम तिथि 12 जुलाई है. इसके लिए परीक्षा 19, 20, 26 और 27 अगस्त को संभावित है.

Tags: Bihar News, Bihar Teacher, BPSC, PATNA NEWS

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More