
हाइलाइट्स
बायजू देश की सबसे बड़ी एडटेक कंपनियों में से एक है.
कंपनी के पास छंटनी के बावजूद 50,000 कर्मचारी है.
कंपनी हाल में अपने कर्ज का ब्याज चुकाने में असफल रही है.
नई दिल्ली. एडटेक कंपनी बायजू (Byju Layoff) ने अपनी रीस्ट्रक्चरिंग प्रक्रिया के तहत 500-1,000 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है. छंटनी का शिकार हुए कर्मचारी अलग-अलग विभागों से संबंधित हैं. हालांकि, इस पर बायजू की अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. पिछले ही साल अक्टूबर में कंपनी ने लागत में कटौती की प्रक्रिया के तहत करीब 2500 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने का ऐलान किया था. यह काम अगले 6 महीने में चरणबद्ध तरीके से किए जाने की बात कही गई थी.
इसके बाद अक्टूबर के अंत तक लोगों को छंटनी के इमेल मिलने लगे थे. इस साल फरवरी में कंपनी ने 1500 लोगों की छंटनी का ऐलान किया था. कंपनी ने इसके पीछे भी लागत में कटौती व सही जगह निवेश को कारण बताया था. खबरों की मानें तो कंपनी अपने कई काम आउटसोर्स कर रही है.
कर्मचारियों की संख्या बरकरार
हालांकि, कंपनी में कुल कर्मचारियों की संख्या 50,000 के आसपास है. ऐसा नए लोगों के बायजू से जुड़ने की वजह से दिख रहा है. बता दें कि बायजू के शीर्ष प्रबंधन और उसके निवेशकों के बीच खींचतान तेज होने और एक अरब डॉलर के कर्ज भुगतान को लेकर अमेरिकी अदालत में जारी कानूनी विवाद के बीच यह छंटनी का दौर शुरू हुआ है.
अमेरिकी कंपनी पर मुकदमा
बायजू ने अमेरिका की एक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट फर्म रेडवुड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. गौरतलब है कि इस फर्म ने बायजू की अमेरिकी इकाई के अधिग्रहण का प्रस्ताव दिया था. दूसरी तरफ बायूज 4 करोड़ डॉलर के ब्याज भुगतान से भी चूक गई है जो उसे हर 4 महीने पर भरना होता है. यह ब्याज कंपनी द्वारा लिए गए 1.2 अरब डॉलर के लोन के लिए है.
मुनाफा कमाने की ओर जाना लक्ष्य
पिछले साल एक बयान जारी कर बायजू के संस्थापक रविंद्रन बायजू ने कहा था कि वह कंपनी को प्रॉफिटेबल बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं. वित्त वर्ष 21 के वित्तीय रिपोर्ट्स पर गौर करें तो कंपनी को 4,589 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था. यह किसी भी भारतीय स्टार्टअप द्वारा उठाया गया सबसे बड़ा नुकसान है.
.
Tags: Business news, Business news in hindi, Byjus Young Genius, Indian startups
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 10:29 IST






