
ज्वाली (कांगड़ा). हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वाली स्थित बाथू की लड़ी में पौंग डैम में नहाने उतरे फौजी सहित दो युवकों की मौत हो गई. दोनों युवकों का अब तक पता नहीं चल पाया है. ये अपने साथियों के साथ पौंग झील में नहाने उतरे थे. जबकि झील में नहाने पर सख्त मनाही है. फिलहाल, दोनों के शव बरामद नहीं हुए हैं. पुलिस और प्रशासन दोनों की तलाश कर रही है.
जानकारी के अनुसार, रविवार की यह घटना है. ये सभी युवक ऊना जिले से बाइक पर सवार होकर यहां पहुंचे थे. इस दौरान पुलिस थाना जवाली के अधीन पौंग झील के बीच स्थित बाथू की लड़ी में डूब गए. युवकों की पहचान रजत (23) पुत्र अशोक कुमार और सुमित कुमार (26) पुत्र जुगल किशोर निवासी दौलतपुर (ऊना) के रूप में हुई है.
रजत लोक निर्माण विभाग में कार्यरत था तथा सुमित कुमार आर्मी में फौजी जवान था. दोनों ही युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ पांडवों द्वारा निर्मित बाथू दी लड़ी को देखने के लिए मोटरसाइकिलों पर आए थे. बाद दोपहर रजत और सुमित कुमार पौंग झील में नहाने के लिए चले गए. पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण गहरे पानी में समा गए. पास खड़े अन्य दोस्तों ने डूबते देखा तथा सहायता के लिए शोर मचाया.
स्थानीय लोगों ने मौका पर पहुंचकर डुबकियां लगाकर युवकों को तलाश करने की काफी कोशिश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला. सूचना मिलते ही एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह व डीएसपी मनोज कुमार पुलिस टीम सहित मौका पर पहुंचे तथा झील में डूबे दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी.
एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन व पुलिस मौके पर पहुंचे थे. डूबे युवकों की तलाश की जा रही है. एनडीआरएफ की भी सहायता ली जाएगी. नूरपुर के एसपी अशोक रत्न ने फोन पर बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है. अभी तक पानी में डूबे युवकों का कोई पता नहीं चल पाया है.
.
Tags: Himachal Police, Himachal pradesh, Kangra News
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 13:11 IST






