हिमाचल में बिपरजॉय का असरः धर्मशाला में 43MM बारिश, 40 सैलानी रेस्क्यू, शिमला-नारकंडा हाईवे बंद, पौंग झील में 2 युवक डूबे

शिमला. हिमाचल प्रदेश में भी बिपरजॉय तूफान (Cyclone Biparjoy) का असर देखने को मिला है.प्रदेश के कई इलाकों रविवार देर शाम को बारिश हुई है. बारिश के चलते टूरिस्ट सिटी धर्मशाला में 40 टूरिस्ट को पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम ने रेस्क्यू किया है. हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh Weather) में मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के शिमला केंद्र ने बताया कि बीते 12 घंटे में कांगड़ा के पालमपुर में 57 एमएम, धर्मशाला में 43.3 और नगरोटा सूरियां में 34 एमएम पानी बरसा है. सोमवार को भी हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब रहेगा औऱ येलो अलर्ट जारी किया गया है.

19 जून से लेकर 23 जून तक प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा और येलो अलर्ट जारी किया गया है.इससे पहले, रविवार को कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में कई स्थानों पर बारिश हुई. शिमला के ग्रामीण क्षेत्र, ऊना और सिरमौर के हरिपुधार में भी मेघा बरसे. धर्मशाला के मैक्लोडगंज के भागसूनाग नाले और गुणा माता मंदिर के पास नाले में जलस्तर बढ़ने से 14 सैलानी फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों, पुलिस जवानों और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किया. इनमें 10 सैलानी थे, जिन्हें वहां से पुलिस टीम ने रेस्क्यू किया.

शिमला जिले के ठियोग के बिजली बोर्ड दफ्तर के बाद क्षतिग्रस्त नेशनल हाईवे पांच रविवार दोपहर बाद धंस गया. इस वजह से ऊपरी शिमला का संपर्क राजधानी से कट गया. एनएच बंद होने से बड़ी संख्या में लोग परेशान है. क्योंकि यह हाईवे शिमवा को ठियोग, कोटखाई, कुमारसैन, नारकंडा सहित रामपुर से जोड़ता है. अब वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है. हिमाचल में शिमला में रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री, सुंदरनगर में 33.6, नाहन में 31.8, सोलन में 28.7, चंबा में 36.2, डलहौजी में 23.8, रिकांगपिओ में 27.1 और मशोबरा में 25.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है.

बाथू की लड़ी के गहरे पानी में डूबने से दो युवकों की मौत
कांगड़ा के पुलिस थाना ज्वाली के तहत पौंग झील के बीच स्थित बाथू की लड़ी में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई है. मृतकों की पहचान रजत (23) पुत्र अशोक कुमार व सुमित कुमार (26) पुत्र जुगल किशोर निवासी दौलतपुर के रूप में हुई है. रजत लोक निर्माण विभाग में कार्यरत था जबकि सुमित कुमार भारतीय सेना का जवान है. दोनों ही युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ महाभारतकालीन बताई जाने वाली बाथू की लड़ी नामक धार्मिक पर्यटन स्थल को देखने के लिए आए थे. गर्मी से राहत पाने के लिए दोपहर रजत व सुमित कुमार पौंग झील में नहाने के लिए चले गए और पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण गहरे पानी में जाने से डूब गए. पास खड़े अन्य दोस्तों ने उनको डूबते देखा तथा सहायता के लिए शोर मचाया. दोनों की तलाश जारी है.

Tags: Biparjoy, Himachal pradesh, Shimla News Today, Snowfall in Himachal, Weather Alert

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More