
यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर में दिनदहाड़े एक 35 वर्षीय युवक जसपाल सिंह की हत्या से इलाके में सनसनी फ़ैल गई. हत्यारों के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है. पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है. दोस्त के सामने ही आरोपियों ने युवक का मर्डर कर दिया.
जानकारी के अनुसार, युवक को पहले किसी ने फोन कर कल्याण नगर इलाके में मकान दिखाने के बहाने बुलाया. जैसे ही जसपाल सिंह अपने साले के साथ बताई गई जगह पर पहुंचा तो बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए तीन बदमाशों ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर डाली. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी सुरक्षा बल के साथ मौका-ए -वारदात पर पहुंच गए और इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच पड़ताल शुरू कर दी.
जसपाल सिंह के साले ने बताया कि जिस वक्त जसपाल पर हमला हो रहा था, तब वह बाइक के पास खड़ा था शोर सुनकर वह भी जसपाल सिंह के पास पहुंचा तो हमलावरों ने उसके ऊपर भी एक दो बार प्रहार किए. जसपाल सिंह बुरी तरह से घायल होकर तड़प रहा था इससे पहले की एंबुलेंस आती वह किसी तरह ई-रिक्शा में सवार होकर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचा. जहां डॉक्टरों ने जसपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया.
डीएसपी राजेश कुमार का कहना है कि सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं. हमलावर, फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं मगर बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मृतक की पहचान जगाधरी के गोमती मोहल्ला निवासी 37 वर्षीय जसपाल सिंह के रूप में हुई है.
.
Tags: Haryana Border
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 06:27 IST






