
हाइलाइट्स
शनिवार को दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में बूंदाबादी हुई.
IMD ने अगले 3 दिनों तक हल्की बारिश या गरज के साथ तेज हवा चलने की भविष्यवाणी की है.
अगले कुछ दिनों तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.
नई दिल्ली: बिपरजॉय तूफान (Cyclone Biparjoy) के बाद देश की राजधानी दिल्ली में मौसम (Delhi-NCR Weather) में बदलाव देखने को मिला है. शनिवार को दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में बूंदाबादी हुई. लेकिन इस बूंदाबादी ने लोगों को गर्मी से राहत देने के बजाय उमस को और बढ़ा दिया. शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने रविवार यानी आज के लिए भी गरज के साथ बूंदाबादी (Rain in Delhi-NCR) का अनुमान जताया है.
दिल्ली के कनॉट प्लेस, चाणक्यपुरी, पालम, आईटीओ और मोती बाग सहित दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार शाम को बूंदाबादी देखी गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश या गरज के साथ तेज हवा चलने की भविष्यवाणी की है. IMD के वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि ‘दक्षिण पश्चिम राजस्थान में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के अवशेष अगले कुछ दिनों तक इस क्षेत्र में नमी बढ़ाते रहेंगे. इसके कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश की उम्मीद है.’
IMD के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. IMD ने कहा है कि दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों तक हल्की बूंदाबादी हो सकती है. साथ ही इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है. केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शाम 6 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 121 दर्ज किया गया, जो कि मध्यम श्रेणी में आता है.
दिल्ली में कब दस्तक देगा मॉनसून
मालूम हो कि दिल्ली में आमतौर पर मॉनसून की सामान्य शुरुआत की तारीख 27 जून है. TOI ने पहले बताया था कि IMD के पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों से पता चलता है कि मॉनसून ज्यादातर चार जून और छह जुलाई में दिल्ली आता है. 1960 से 2022 के बीच मॉनसून ने राजधानी में जुलाई में 33 बार और जून में 30 बार दस्तक दी. पहले अनुमान जताया गया था कि इस साल दिल्ली में मॉनसून 10 से 12 जुलाई के करीब आएगा.
.
Tags: Delhi weather, Delhi Weather Update, IMD alert
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 08:16 IST






