
रिपोर्ट- हिना आज़मी
देहरादून. इन दिनों भारत के समुद्र तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (Biparjoy Effects in Uttarakhand) अपना जोर दिखाता नजर आ रहा है, तो वहीं इसका असर उत्तरी भारत में भी देखने के लिए मिल रहा है. वहीं राजधानी देहरादून समेत उत्तराखंड के कई मैदानी इलाकों में बीते 30 दिनों से गर्मी लोगों को सता रही है. इसी बीच अब मौसम विभाग की तरफ से येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है कि जल्द ही बारिश होने के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिल पाएगी.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में मानसून 20 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है और इसी के साथी बिपरजॉय का असर भी उत्तराखंड में देखने के लिए मिल सकता है, जिसमें सबसे ज्यादा प्रभावित बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्रीधाम के क्षेत्र हो सकते हैं. इसलिए ही तीर्थयात्रियों को विभाग की तरफ से अलर्ट किया जा रहा है. गर्मी से परेशान मैदानी इलाकों में बारिश के होने से राहत मिलेगी.
मौसम विभाग के अनुसार, समुद्री तटों पर कहर बरपाने वाला बिपरजॉय चक्रवाती तूफान उत्तर पूर्वोत्तर की ओर गतिमान है, जिसका असर उत्तराखंड में 18 व 19 जून को देखने के लिए मिल सकता है. मौसम विभाग की ओर से लगातार चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों को भी मौसम की अपडेट लेने की सलाह दी जा रही है.
उत्तराखंड के कई इलाकों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए नैनीताल, उधम सिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, देहरादून और हरिद्वार में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. वहीं आकाशीय बिजली की चमक भी इसके साथ हो सकती है.
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए कहा है कि उत्तराखंड में भी चक्रवात बिपरजॉय का असर 18 और 19 जून को देखने के लिए मिल सकता है. इसके आगमन से करीब 8 से 10 डिग्री तापमान गिर सकता है. चक्रवाती तूफान के असर से आंधी चलने से फसलों को नुकसान भी हो सकता है.
.
Tags: Cyclone Biparjoy, Dehradun news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 11:30 IST






