Gopalganj Crime News: घर के बाहर बैठे बैंक कैशियर पर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां, मौके पर मौत


गोविंद कुमार/गोपालगंज. गोपालगंज में एसबीआई बैंक कैशियर की हत्या अपराधियों ने गोली मारकर कर दी. यह वारदात मांझा थाना क्षेत्र के लहलादपुर गांव में हुई है. मारे गए बैंक कैशियर की पहचान रविंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं, ऐहतियातन पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है.

इस हत्याकांड को मुन्ना यादव हत्याकांड के बदले की भावना से जोड़कर पुलिस जांच कर रही है. दरअसल, मुन्ना यादव हत्याकांड को लेकर पंचायत होने वाली थी. लेकिन इससे पहले ही अपराधियों ने रविंद्र कुमार यादव की हत्या कर दी. हत्या की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है और आसपास के लोग आक्रोशित हैं.

ताबड़तोड़ फायरिंग

बताया जा रहा है कि रविंद्र कुमार यादव की भतीजी प्रियंका कुमारी की शादी बीते 11 जून को हुई थी. शादी के बाद परिवार में पहुंचे रिश्तेदार अपने-अपने घर जा रहे थे. शाम का वक्त होने के कारण बैंक कैशियर अपने दरवाजे पर पेड़ के नीचे कुर्सी पर बैठे हुए थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार 6 की संख्या में अपराधी पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे. फायरिंग के दौरान एक गोली रवींद्र कुमार यादव के सिर में लगी, जिसके बाद वे मौके पर ही गिर गए. परिजनों ने गोलियों की आवाज सुनी, तो दौड़कर पहुंचे. लेकिन तब तक अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए.

सदर अस्पताल में पहुंची भीड़

हत्या के बाद सदर अस्पताल में काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस को शव सौंपने से इनकार कर दिया. सदर एसडीपीओ के समझाने के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम कराने को राजी हुए. पुलिस ने रात में ही शव का पोस्टमॉर्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी. डॉक्टरों की टीम ने बैंक कैशियर के शव का एक्सरे करवाया, उसके बाद पोस्टमॉर्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी. जब तक शव सदर अस्पताल में रहा, पुलिस छावनी में अस्पताल परिसर तब्दील रहा.

बदला लेने के लिए हत्या

लहलादपुर गांव में बैंक कैशियर की हत्या की जांच के दौरान एसआइटी को कई सुराग मिले हैं. एसआइटी सूत्रों के मुताबिक, दो साल पहले मुन्ना यादव की हत्या हुई थी. हत्या में रवींद्र कुमार यादव के भाई राजेंद्र यादव समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए थे. इस केस में राजेंद्र यादव गिरफ्तार होकर जेल गया था. इसी केस को उठाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. दोनों पक्ष की ओर से पंचायत होने वाली थी. बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त बुधवार की देर शाम बैंक कैशियर रवींद्र कुमार यादव और राजेंद्र यादव दोनों साथ थे और बातचीत कर रहे थे. इसी बीच अपराधियों ने आकर हमला किया. राजेंद्र यादव तो बचकर भाग निकले, जबकि रवींद्र कुमार यादव को अपराधियों ने मार दिया.

एसआईटी का गठन

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुरानी दुश्मनी की वजह से वारदात को अंजाम दिया गया है. हत्या की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है. एसआइटी इलाके को सील कर छापेमारी कर रही है. अब तक की कार्रवाई में एसआइटी ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. जिससे गहन पूछताछ चल रही है. एसपी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. एसआईटी टीम में सदर इंस्पेक्टर हीरालाल प्रसाद, नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार राय, मांझा थानाध्यक्ष विशाल आनंद, थावे थानाध्यक्ष शशि रंजन को शामिल किया गया है.

Tags: Crime In Bihar, Gopalganj news, Local18, Murder case

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More