एक तरफ औरंगजेब…दूसरी तरफ लाउडस्पीकर, राज ठाकरे ने जन्मदिन पर काटा अनोखा केक

मुंबई. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने अपने 55वें जन्मदिन पर अनोखा केक काटा. इस केक पर एक तरफ मुगल बादशाह औरंगजेब तो वहीं दूसरी तरफ लाउडस्पीकर की तस्वीर थी. यह स्पेशल केक महाराष्ट्र के रायगढ़ से राज ठाकरे के समर्थक लेकर आए थे. बुधवार को समर्थकों के पहुंचने पर राज ठाकरे ने अपने हाथ में चाकू लिया और औरंगजेब की तस्वीर वाले केक को गले की तरफ से काट दिया. इस दौरान वहां मौजूद उनके समर्थक तालियां बजाते रहे.

राज ठाकरे ने जन्मदिन पर अनोखा केक काटा
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद राज ठाकरे ने केक का दूसरा हिस्सा भी काटा, जिस पर क्रॉस शेप में लाउड स्पीकर बना हुआ था. बता दें कि हाल ही में औरंगजेब को लेकर महाराष्ट्र के कई जिलों में तनाव पैदा हो गया था और जमकर बवाल हुआ था. महाराष्ट्र में औरंगजेब और टीपू सुल्तान की तारीफ में की गई सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हंगामा हुआ था. अहमदनगर और कोल्हापुर में हालात खराब हो गए थे. हालांकि कोल्हापुर में अब भी तनाव की स्थिति है. इसके चलते 19 जून तक निषेधाज्ञा जारी है. फिलहाल पांच या इससे ज्यादा लोगों के जमा होने पर रोक लगी हुई है.

राज ठाकरे ने मस्जिदों पर लाउडस्पीकर का किया था विरोध
बता दें कि महाराष्ट्र में शिंदे सरकार से पहले लाउडस्पीकर को लेकर काफी विवाद छिड़ा था. तब मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने चेतावनी दी थी कि अगर किसी मस्जिद में लाउडस्पीकर पर नमाज हुई तो उनकी पार्टी के कार्यकर्ता वहां जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे. बता दें कि महाराष्ट्र में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर करीब 12 घटनाएं घटित हुई थीं. कोल्हापुर के एक 29 वर्षीय व्यक्ति को दो समुदायों के बीच दुश्मनी पैदा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसने सोशल मीडिया पर टीपू सुल्तान की फोटो लगाकर कैप्शन में ‘भारत का राजा’ लिखा था.

कई जिलों में अलग-अलग घटनाएं सामने आईं
वहीं अहमदनगर जिले के 22 वर्षीय युवक के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मामला दर्ज किया गया था. जबकि नासिक जिले के मालेगांव में दो समूहों के बीच दुश्मनी पैदा करने के आरोप में उत्तर प्रदेश के रहने वाले चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. कोल्हापुर में 31 घंटे तक इंटरनेट सेवाएं बद कर दी गई थीं. पुलिस ने चार मामले दर्ज कर 41 लोगों को गिरफ्तार किया था. अहमदनगर में संगमनेर के फकीरवाड़ा इलाके में जुलूस के दौरान औरंगजेब के पोस्टर ले जाने के बाद 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. इस घटना के दो दिन बाद ही एक हिंदू संगठन ने रैली निकाली थी, जिसमें पथराव की घटना सामने आई थी.

Tags: Raj thackeray

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More