पंचकूला वाले भी हो गए…मशरूम जलेबी के दीवाने, लाजवाब है स्वाद, बड़े-बड़े लोग हैं फैन

तारा ठाकुर/पंचकूला: अपने मशरूम की सब्जी तो खाई ही होगी, मशरूम से बने पकौड़े भी खाए होंगे, लेकिन क्या अपने कभी मशरूम से बनी जलेबी का स्वाद चखा है? नहीं, तो पंचकूल में चल रहे फन फेयर में आ जाइए, यहां मशरूम की जलेबी खाने के लिए लोगों की भीड़ लगी रहती है.

पंचकूला में चल रहे फन फेयर में आकर्षण का केंद्र बनी मशरूम जलेबी का स्वाद पूर्व राष्ट्रपति भी चख चुके हैं. जींद के रहने वाले अशोक कुमार 8 सालों से मशरूम की जलेबी बना रहे हैं. जलेबी के साथ ही वह मशरूम से कई प्रकार की मिठाइयां भी बनाते हैं. लेकिन लोगों को सबसे ज्यादा मशरूम की जलेबी ही पसंद है.

फन फेयर में बिखेर रहे जलवा
इन दिनों पंचकूला के सेक्टर 20 में फन फेयर लगा हुआ है. यहां घूमने के लिए आने वाले लोगों के लिए मशरूम से बनी जलेबियां आकर्षण का केंद्र हैं. जींद के अशोक कुमार 2015 से मशरूम की जलेबी, घेवर और अन्य कई प्रकार की मिठाइयां बना रहे हैं. आज इनकी मशरूम की जलेबी हरियाणा में मशहूर है. बताया कि इन दिनों पंचकूला के फन फेयर में अपना स्टॉल लगाए हुए हैं और उन्हें यहां पर खूब रिस्पांस मिल रहा है.

पूर्व राष्ट्रपति भी चख चुके हैं स्वाद
कई बड़े नेता इनकी मशरूम की जलेबी का स्वाद चख चुके हैं. अशोक ने बताया कि 2017 में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी उनकी मशरूम से बनी हुई जलेबी का स्वाद चख चुके हैं. इसके अलावा प्रदेश के भी कई बड़े नेताओं ने और अन्य लोगों ने उनकी मिठाई का स्वाद चखा है. अशोक ने बताया कि 2010 में उन्होंने मशरूम की खेती शुरू की थी और उसके बाद 2015 में मशरूम की मिठाई बनाने का विचार आया.

मशरूम के पाउडर से बनाते हैं जलेबी
अशोक कुमार मशरूम के पाउडर से जलेबी, घेवर, लड्डू, गुलाब जामुन, बर्फी और कई प्रकार की मिठाइयां तैयार करते हैं. हालांकि, मशरूम की जलेबी बनाने की प्रक्रिया आम जलेबी की तरह ही है, लेकिन आम जलेबी में मैदा इस्तेमाल होता है. अशोक मशरूम की जलेबी के लिए मशरूम का पाउडर और अपना बनाया हुआ स्पेशल मसाला इस्तेमाल करते हैं. उसके बाद आम जलेबी की तरह से देसी घी में इसे तैयार करते हैं.

चाशनी में मिलाते हैं दूध
बताया कि जिस चाशनी में जलेबी को मीठा करने के लिए रखा जाता है उसमें दूध का इस्तेमाल भी करते हैं. बताया कि वह अपनी इस जलेबी को बनाने के लिए किसी भी तरह के केमिकल का इस्तेमाल नहीं करते. मशरूम को सुखाने के बाद मशरूम का पाउडर बनाया जाता है और उसके बाद मसाला डालकर देसी घी में जलेबी व अन्य मिठाइयां बनाते हैं.

.

FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 15:19 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More