
मुंबई. ‘दामाद है वो पाकिस्तान का, उसे नारियल दो, टीका लगाओ, वरना इस बार वो दहेज में लाहौर ले जाएगा.’ ये डायलॉग ‘गदर 2’ के टीजर में सुनकर अभी से ही दर्शकों की धड़कनें बढ़ गई हैं. एक बार फिर बड़े पर्दे पर सनी देओल (Sunny Deol) का अंदाज लोग देखना चाहते हैं और फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इसमें कोई दो राय नहीं है कि फिल्म में ‘तारा सिंह’ के किरदार को जीवंत करने में सनी ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी. लेकिन आज हम सनी की नहीं बल्कि फिल्म के उस हीरो की बात करेंगे, जिसने ‘तारा सिंह’ का ये धुंआधार किरदार गढ़ा है.
फिल्ममेकर अनिल शर्मा 15 जून 2001 को ‘गदर: एक प्रेमकथा’ लेकर आए थे. सनी देओल के साथ फिल्म में अमीषा पटेल, अमरी पुरी, विवेक शौक आदि कलाकारों ने प्रमुख भूमिका निभाई थी. ‘लगान’ के साथ रिलीज हुई इस फिल्म ने ताबड़तोड़ कमाई का नया रिकॉर्ड बनाया था. 19 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 133 करोड़ का बिजनेस किया था. अब फिल्म के दूसरे पार्ट ‘गदर: दि कथा कंटीन्यूज’ को लेकर क्रेज बना हुआ है, जो इस साल 11 अगस्त को रिलीज हो रही है.
किसने गढ़ा ‘तारा सिंह’ का किरदार?
फिल्म ‘गदर’ की जब भी बात होती है तो सबसे पहले ‘तारा सिंह’ यानी सनी देओल की ही चर्चा होती है. इसके बाद अन्य सितारों और निर्देशक का नाम जेहन में आता है. लेकिन क्या कभी आपने सोचा कि जिस कहानी पर यह शानदार फिल्म बनी है, उसे किसने गढ़ा है? शायद नहीं, आइए उसी लेखक की बात करते हैं जिसने ‘तारा सिंह’ और ‘सकीना’ की खास लव स्टोरी को लिखा है. इस ब्लॉकबस्टर फिल्म को शक्तिमान तलवार (Shaktimaan Talwar) ने लिखा है. उनका लेखन कितना सफल रहा यह बताने की जरूरत नहीं है. अब फिल्म के दूसरे पार्ट यानी ‘गदर 2’ की कहानी को भी उन्होंने ही लिखा है.
जब यश चोपड़ा ने किया फोन
फिल्म ‘गदर’ जब रिलीज हुई तो सभी सनी और अनिल शर्मा की तारीफ कर रहे थे. लेकिन इंडस्ट्री के बड़े फिल्ममेकर यश चोपड़ा ने शक्तिमान तलवार को फोन किया. जब यश ने फोन किया तो शक्तिमान की पत्नी ने फोन उठाया तब यश ने पूछा ‘क्या मेरी शक्तिमान तलवार से बात हो सकती है मैं यश चोपड़ा बोल रहा हूं.’ उस वक्त शक्तिमान नहा रहे थे, उन्हें बुलाया गया और जैसे ही उन्होंने फोन लिया सामने से यश बोले, ‘शक्तिमान, अगर ‘गदर’ में सबसे अच्छा काम किसी का है, तो वो आपका है.’ शक्तिमान के लिए इस से बढ़कर कोई और तारीफ नहीं हो सकती थी.
.
Tags: Entertainment Special, Gadar, Sunny deol
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 13:45 IST






