हिमाचल में बारिशः सुंदरनगर में बादल फटने जैसी तबाही, फ्लैश फ्लड में 2 गाड़ियां बही, लोगों ने भागकर बचाई जान



मंडी. हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की एंट्री से पहले ही बारिश तबाही मचाने लगी है. मंगलवार शाम को प्रदेश भर में जमकर बारिश हुई. मंडी के सुंदरनगर में निहरी तहसील के हाड़ाबोई गांव में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है. यहां पर एकाएक काफी ज्यादा पानी बरसा और बादल फटने जैसे हालात पेश पाए. मूसलाधार बारिश की वजह से लोकल खड्ड में फ्लैश फ्लड आ गया.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को क्षेत्र में भारी बारिश हुई. इस बारिश के कारण यहां से होकर बहने वाली खड्ड में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. बारिश का भयानक मंजर देखकर खड्ड किनारे रह रहे लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर भागकर अपनी जान बचा ली. इस घटना में दोगरी, हाड़ाबोई और करला गांव के लोगों की कुछ जमीन भी बाढ़ के पानी में बह गई है. बताया जा रहा है कि दो गाड़ियां और एक गौशाला भी भारी बारिश की चपेट में आई हैं. एक गाय की मौत की सूचना भी मिली है.

ग्राम पंचायत धनयारा की प्रधान मीरा देवी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे के आसपास क्षेत्र में भारी बारिश से काफी ज्यादा नुकसान हुआ है. लोगों की जमीन बाढ़ में बह गई है और 2 गाड़ियों सहित 3 रेहड़िया भी बह गई हैं. क्षेत्र के सभी संपर्क मार्ग भी टूट गए हैं। उन्होंने बताया कि नुकसान का आंकलन सुबह होते ही किया जाएगा. मामले पर खंड विकास अधिकारी सुंदरनगर विवेक चौहान ने कहा कि ग्राम पंचायत धनयारा में हुए नुकसान को लेकर स्थिति नियंत्रण में है। क्षेत्र में हुए नुकसान का आंकलन राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है.

हिमाचल में चार दिन मौसम खराब

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी सहित दूसरे इलाकों में मंगलवार शाम को आंधी तूफान और बारिश का दौर शुरु हुआ. इस दौरान जमकर बदरा बरसे. कई इलाकों में बत्ती गुल हो गई. बता दें कि मौसम विभाग ने 17 जून तक सूबे में बारिश के आसार जताए हैं और येलो अलर्ट जारी किया है.

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More