
भारत में कई ऐसी नदियां हैं जो इतनी विशाल हैं कि उनके उद्गम स्थान से अंत तक पहुंचने में आपको कई दिन लग जाएंगे. गंगा, यमुना, ब्रह्मपुत्र, नर्मदा, गोदावरी जैसी प्रमुख नदियां भारत की शान हैं. पर इनमें से कोई भी नदी ना ही दुनिया की सबसे बड़ी नदी हैं और ना ही सबसे छोटी. सबसे बड़ी नदी की बात करें तो वो है अफ्रीका में मौजूद नील नदी (कई जानकार अमेजन नदी को सबसे बड़ी नदी बताते हैं पर आधिकारिक तौर पर नील के नाम ये खिताब है). इसके बारे में तो आपने जरूर सुना ही होगा. पर क्या आपने कभी दुनिया की सबसे छोटी नदी (World’s Shortest River) के बारे में सुना है? आज हम इसी नदी के बारे में आपको जानकारी देने जा रहे हैं.
दुनिया की सबसे छोटी नदी अमेरिका के मोंटाना (Montana, USA) राज्य में बहती है. यहीं पर मिसूरी नदी भी बहती है जिसे अमेरिका की सबसे लंबी नदी माना जाता है. इस नदी के काफी पास, ये छोटी नदी बहती है जिसकी आज हम चर्चा कर रहे हैं. इस नदी का नाम है रो रिवर (Roe River, Montana). 1980 के दशक में लिंकन स्कूल एलिमेंट्री की टीचर सुसैन नार्डिंजर और उनके पांचवीं कक्षा के छात्रों ने मिलकर एक मुहिम चलाई थी जिससे वो इस रो नदी को दुनिया की सबसे छोटी नदी होने का दर्जा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से दिलवा सकें.
दुनिया की सबसे छोटी नदी के लिए कंप्टीशन
साल 1989 से 2000 तक इस नदी को ये दर्जा मिला. इससे पहले ये टाइटल ऑरिगॉन में स्थित डी रिवर (D River) के पास था. डी रिवर की लंबाई सिर्फ 440 फीट थी. वहीं रो रिवर इससे काफी छोटी थी. रो नदी और डी नदी के बीच लोगों ने ऐसा कंप्टीशन शुरू किया कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) ने ये टाइटल देना ही बंद कर दिया. पर आज तक रो नदी ही सबसे छोटी नदी बनी हुई है.
कितनी है नदी की लंबाई
अब सवाल ये उठता है कि रो नदी कितनी छोटी है. ये नदी सिर्फ 201 फीट (61 मीटर) लंबी है. अब आप समझ गए होंगे कि हम ये क्यों बोल रहे हैं कि इस नदी की शुरुआत और अंत का हिस्सा आसानी से चंद घंटों में कवर किया जा सकता है. नदी का पानी आगे जाकर मिसूरी नदी में मिल जाता है. नदी में सारा पानी लिटिल बेल्ट माउंटेन रेंज से आता है और ये नदी अंडरग्राउंड स्प्रिंग से बनी है.
.
Tags: Ajab Gajab news, Trending news, Weird news
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 16:10 IST






