
जबलपुर. मध्य प्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में सत्तारूढ़ भाजपा समेत विपक्षी पार्टी कांग्रेस भी सक्रिय हो चुकी है. प्रियंका गांधी इसी सिलसिले में सोमवार 12 जून को जबलपुर पहुंचीं. उन्होंने सबसे पहले नर्मदा पूजन किया और उसके बाद लोगों को संबोधित किया. उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत ‘हर-हर नर्मदे’ के नारे के साथ किया. उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से भी यह नारा लगवाया. इस मौके पर प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि जनता ने डबल और ट्रिपल इंजन की सरकार को बहुत देख लिया. उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में घोटाले और बेरोजगारी का भी मुद्दा उठाया. प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में आदिवासियों का बुरा हाल हो गया है. इस मौके पर उन्होंने इंदिरा गांधी को भी याद किया और बताया कि वह आदिवासियों के लिए कितना काम करती थीं.
प्रियंका गांधी ने कहा कि ये लोग 18 वर्षों से सत्ता में हैं. इतने दिनों तक सत्ता में रहने से आलस्य छा जाता है और वही हावी है. उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से महिलाओं के लिए की गई घोषणाओं पर भी हमला बोला. कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आखिर इतने वर्षों के बाद उन्हें अभी क्यों महिलाओं की याद आई. आज से पहले वह क्या कर रहे थे. प्रियंका गांधी ने महंगाई का भी मसला उठाया. उन्होंने महिला मतदाताओं को पार्टी की ओर से आकर्षित करने की कोशिश की. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बहनों के लिए उनके दिल में खास जगह है. उन्होंने इसके लिए पुरुषों से माफी भी मांगी.






