
गुलशन सिंह/बक्सर. देश के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए केंद्र व राज्य सरकार कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है. वहीं युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर में आईटी लैब की स्थापना की गई है. जहां छात्र-छात्राएं मुफ्त में कम्प्यूटर के गुर सीख रहे हैं. इस संबंध में नियोजनालय के वाईपी सह आईटी लैब के संचालक रोहित भारती ने बताया कि वैसे तो समय-समय पर यहा जॉब कैम्प आयोजित कर बेरोजगार युवाओं को रोजगार मुहैया कराया ही जाता है, लेकिन, ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार में बल मिले तथा वे तकनीकी शिक्षा से जुड़े इसी उद्देश्य से मॉडल करियर सेंटर में नि:शुल्क आईटी लैब संचालित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जो बच्चे यहां पुस्तकालय में पढ़ने के लिए आते हैं वे भी आईटी लैब में उत्साह के साथ कंप्यूटर की बारीकियां सीखकर अपने सपनों को साकार कर सकते है.
आईटी लैब के संचालक रोहित भारती ने बताया कि फिलहाल, यहां आठ कम्प्यूटर सिस्टम चालू किया गया है जबकि आने वाले दिनों में इसकी संख्या बढ़ाकर 21 से अधिक की जाएगी. उन्होंने बताया कि कम्प्यूटर का बेसिक ज्ञान दिया जा रहा है. हालांकि, बहुत जल्द बिहार सरकार एक काउंसलर की प्रतिनियुक्ति करेगी. उन्होंने बताया कि कंप्यूटर प्रशिक्षण युवक व युवतियों के लिए भविष्य में रोजगार पाने के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगा. उन्होंने बताया कि आज के समय में कम्प्यूटर की शिक्षा युवाओं के जीवन में बहुत मायने रखता है. करियर में आगे बढ़ने के लिए यह बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि जिले में कप्यूटर सीखने की ललक रखने वाले युवाओं के लिए यहां बेहतर अवसर प्रदान किया जा रहा है.
कमजोर छात्रों के लिए फायदेमंद साबित होगा आईटी लैब
आईटी लैब में कम्प्यूटर सीखने वाले छात्र मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं. इसके लिए प्रतिदिन यहां आकर न केवल ऑनलाइन पढ़ाई करते हैं बल्कि हिंदी तथा इंग्लिश टाइपिंग की स्पीड बढ़ाने का प्रैक्टिस भी किया करते है. उन्होंने बताया कि उन युवाओं के लिए यह आईटी लैब बेहद फायदेमंद साबित होगा जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के हैं और कम्प्यूटर की शिक्षा पाना चाहते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 12, 2023, 10:23 IST






