
धीरेन्द्र शुक्ला/चित्रकूट. उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना वित्तीय वर्ष 2023-24 में चित्रकूट जिले में 250 जोड़ों का लक्ष्य मिला है. जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि आगामी 26 जून को यहां सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. सामूहिक विवाह का यह मेगा इवेन्ट रामायण मेला परिसर सीतापुर में होगा. इसमें 250 जोड़ों का निकायवार लक्ष्य निर्धारित हुआ है. विकास खंड कर्वी में 50, विकास खंड मऊ में 47, विकास खंड मानिकपुर में 43, विकास खंड रामनगर में 30, विकास खंड पहाड़ी में 55, नगर पालिका कर्वी में 10, नगर पंचायत मानिकपुर में 5, नगर पंचायत राजापुर में 5 एवं नगर पंचायत मऊ में 5 वैवाहिक जोड़ों को चयनित करने का लक्ष्य मिला है.
ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया है कि शहरी क्षेत्र के लोग नगर पंचायत नगर पालिका व ग्रामीण क्षेत्र के निवासी विकास खंडों में सामूहिक विवाह को पंजीकरण कराएं व शासन की योजना का लाभ उठाये. योजना में पात्रता है कि कन्या का अभिभावक यूपी का मूल निवासी हो. साथ ही, वधू की आयु 18 वर्ष एवं वर की आयु 21 वर्ष से कम न हो. कन्या के परिवार के समस्त स्रोतों से वार्षिक आय दो लाख रुपये से अधिक न हो. कन्या का स्वयं का बैंक खाता हो. आयु के निर्धारण बाबत शैक्षिक एवं अन्य अभिलेख होना जरूरी है. कन्या अनुसूचित जाति/जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग से है तो जाति प्रमाण देना अनिवार्य है. सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधवा महिला की बेटी, स्वयं विधवा व तलाकशुदा व पुर्नविवाह, दिव्यांगजन अभिभावक की बेटी जो स्वयं दिव्यांग हो, को प्राथमिकता मिलेगी.
सरकार की योजना का बढ़-चढ़ कर लें लाभ
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रति जोड़े पर 51,000 रुपये खर्च किया जाना है जिसमें से 35 हजार रुपये लड़की के बैंक खाते में दिये जायेंगे. विवाह सामग्री के रूप में नवविवाहित जोड़े को 10,000 रुपये का सामान दिया जाता है. जबकि, वैवाहिक कार्यक्रम स्थल पर 6,000 रुपये प्रति जोड़ा भोजन, पंडाल आदि पर खर्च किया जाता है.
बता दें कि, वैवाहिक सामग्री एवं भोजन पंडाल व्यवस्था को जेम पोर्टल से निविदा प्रकाशित की जाती है. जेम पोर्टल पर निविदा देखने एवं सामग्री व अन्य कार्य की आपूर्ति को इच्छुक फर्मे बिड/निविदा में हिस्सा ले सकते हैं. इस पर अधिक जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं.
.
Tags: Chitrakoot News, Local18, Marriage ceremony, Up news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 12:43 IST






