
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी. उत्तर प्रदेश के वाराणसी में इन दिनों गर्मी का सितम ऐसा है मानो जैसे आसमान से आग बरस रही हो. शुक्रवार को जिले में पारा 43 डिग्री सेल्सियस पार हो गया.मौसम विभाग के अनुसार जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा. बता दें कि ऐसा अनुमान है कि वीकेंड में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसको लेकर आईएमडी ने अलर्ट जारी कर दिया है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के वेबसाइट के अनुसार शनिवार 10 जून को वाराणसी में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहेगा. वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. आसमान साफ होने के कारण सूर्य की तीखी धूप पूरे दिन लोगों को झुलसाएगी. इसके अलावा दोपहर के वक्त लू के थपेड़े लोगों को परेशान करेंगे.वहीं 11 जून को पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी 2 डिग्री तक और उछलकर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का पूर्वानुमान है.
15 जून तक ऐसा ही रहेगा मौसम
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 15 जून तक मौसम में बदलाव के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं. फिलहाल ऐसे ही प्रचंड गर्मी का कहर इन दिनों में लोगों को झेलना पड़ेगा.ऐसे में इस मौसम में लोगों को बचाव की ज्यादा जरूरत है. इस समय धूप में निकलने से परहेज करना चाहिए. यदि धूप में निकलना जरूरी है तो हाथ मुंह और नाक कान को ढककर ही बाहर निकलना चाहिए.









