
गौरव सिंह/बिहार. बिहार के आरा में मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले भर के प्रखंडों में जारी बाढ़ और सुखाड़ की समीक्षा के क्रम में आज सदर प्रखंड में डीएम राज कुमार ने समीक्षा बैठक की. इस दौरान डीएम राजकुमार ने बताया कि जिले में आपदा की तैयारी को लेकर जिले के सभी कर्मियों का अवकाश 15 सितंबर तक रद्द कर दिया गया है.
विशेष परिस्थिति में उनकी स्वीकृति के बाद ही कोई कर्मी मुख्यालय छोड़ सकते हैं. उन्होंने ने बताया कि बाढ़ व सुखाड़ को लेकर कार्यालय से फील्ड तक बहुत सारी तैयारी करनी है. ऐसे में हमको ज्यादा से ज्यादा हेल्पिंग हैंड चाहिए. जिसवजह से सभी की छुट्टी रद्द कर दी गई है. अभी हमारी प्राथमिकता है बाढ़ से जनता को राहत देने की तैयारी. पहले तैयारी करनी है फिर आपदा से भी लड़ना है.
बिजली कर्मचारियों का वेतन बंद करने का आदेश
इस दौरान बैठक में पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने गांवों में पोल के बदले बांस-बल्ले पर तार खींचने और लो वोल्टेज के कारण गावों में नल-जल की बोरिंग नहीं चलने का मामला उठाया. जनप्रतिनिधियों ने कहा बांस के सहारे अभी तार ले जाया जा रहा है.
बाढ़ के समय में इसके वजह से अनहोनी हो सकती है. इतने में डीएम बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों को ढूंढने लगे, लेकिन मौके पर कोई मौजूद नहीं था. जिसके बाद डीएम ने अधीक्षण अभियंता को फोन लगा आरा सदर क्षेत्र के सभी सहायक अभियंता और कनीय अभियंता का वेतन तत्काल बंद करने का निर्देश दिया. डीएम की इस कार्रवाई के बाद कर्मियों एवं अधिकारियों में खलबली मच गई.
41 हजार बाद पीड़ितों की सूची होगी अपडेट
बैठक में डीएम ने आरा सदर प्रखंड क्षेत्र के लगभग 41000 बाढ़ पीड़ितों की सूची को 14 जून तक पंचायत अनुश्रवण निगरानी समिति से पास करा देने का निर्देश दिया. इसके बाद प्रखंड अनुश्रवण समिति की बैठक में इस सूची को पास करने के बाद जांच कर बाढ़ आने पर ऐसे लोगों को लाभ दिया जाएगा. इसे लेकर अंचल कार्यालय के द्वारा 41000 बाढ़ पीड़ितों की पुरानी सूची को मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों समेत अन्य को उपलब्ध करा दिया गया है.
बैठक के दौरान डीएम कई बार हुए नाराज
राजस्व कर्मी और पंचायत सचिव की डीएम ने लगाई क्लास बैठक के दौरान बाढ़ पीड़ितों की सूची समेत कई अन्य कार्यों में राजस्व कर्मी और पंचायत सचिव के द्वारा मनमानी किए जाने की शिकायत डीएम से की गई. इस मामले पर डीएम ने सभी राजस्व कर्मी और पंचायत सचिव को सुधर जाने का अल्टीमेटम दिया.कार्रवाई करने की चेतावनी दे डाली. डीएम ने बताया कि जल्द ही कई कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
.
Tags: Bhojpur news, Bihar News in hindi, Local18
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 19:47 IST








