
ग्वालियर. जिले के भीतरवार थाना प्रभारी की विदाई बेहद यादगार बन गई है. ग्वालियर के भीतरवार थाना प्रभारी का तबादला होने के बाद नगर वासियों ने उन्हें अनोखे तरीके से विदाई दी. शहर भर में बैंड बाजों के साथ थाना प्रभारी का नगर वासियों ने जुलूस निकाला. इस दौरान नगर के युवा देशभक्ति गीतों पर थिरकते नजर आए तो वहीं नगर में जगह-जगह लोगों ने थाना प्रभारी का माला पहना कर स्वागत किया. शहर वासियों और स्टाफ के लोगों ने दुल्हन की तरह सजी गाड़ी में बिठाकर थाना प्रभारी को विदाई दी. महज 14 महीने के कार्यकाल में थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने भीतरवार में अपराधियों पर नकेल कसी और आम लोगों के बीच पुलिस की बेहतर छवि बनाई है.
ग्वालियर के भीतरवार में थाना प्रभारी की विदाई इस तहर के जुलूस के साथ यादगार बन गई. दरअसल 2 दिन पहले भितरवार थाने में तैनात थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा का तबादला हो गया. मंगलवार को थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा को स्टाफ और नगर वासियों ने विदाई दी. थाना प्रभारी की विदाई अपने आप में अनोखी विदाई बन गई. सबसे पहले भीतरवार थाना स्टाफ ने थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा को गुलदस्ते भेंटकर विदाई समारोह का आयोजन किया. इस दौरान बड़ी तादाद में नगरवासी थाने पहुंच गए. बैंड बाजों के साथ थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा का जुलूस निकाला गया.
भितरवार नगर के युवा इस जुलूस में देशभक्ति गानों पर थिरकते चल रहे थे, तो वहीं शहर में जगह-जगह थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा का आम लोगों ने माला पहनाकर स्वागत किया. कई जगह बच्चों ने उन पर पुष्प वर्षा भी की. स्वागत समारोह जुलूस के बाद थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा को दुल्हन की तरह सजी हुई कार में बैठा कर विदाई दी गई.
थाना प्रभारी ने 14 महीने में जीता दिल
दरअसल प्रशांत शर्मा की भीतरवार थाना प्रभारी के तौर पर 14 महीने पहले तैनाती हुई थी. करीब सवा साल के कार्यकाल में थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने भीतरवार थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए थे. वहीं आम लोगों का सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए दिल भी जीत लिया था. पिछले साल चरखा और गोहिंदा गांवों में संघर्ष और बवाल हुए थे. उस दौरान प्रशांत शर्मा ने अपनी काबिलियत से सामुदायिक पुलिसिंग का बेहतर नजारा पेश किया. प्रशांत ने आसपास के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों में जाति संघर्ष को बड़ा रूप लेने से रोकने में अहम भूमिका निभाई थी.
ग्वालियर
ग्वालियर के भीतरवार थाना प्रभारी का तबादला होने के बाद नगर वासियों ने उन्हें अनोखे तरीके से विदाई दी। बैंड बाजों के साथ थाना प्रभारी का नगर वासियों ने जुलूस निकाला। इस दौरान नगर के युवा देशभक्ति गीतों पर थिरकते नजर आए, लोगों ने थाना प्रभारी का माला पहना कर स्वागत किया। pic.twitter.com/og7H2MFdIm
— Sushil Kaushik (@SushilKaushikMP) May 30, 2023
वर्दी के प्रति लोगों का बढ़ा सम्मान
प्रशांत ने भीतरवार थाना प्रभारी के पद पर रहते हुए विभिन्न समाजों के बीच सामाजिक सदभाव बनाया. इसके साथ ही प्रशांत ने अपराधियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए लोगों को सुरक्षा का एहसास करवाया है. उनके कार्यकाल के दौरान लोगों में वर्दी के प्रति ना सिर्फ सम्मान बढ़ा, बल्कि सुरक्षा का माहौल भी तैयार हुआ. भितरवार एसडीओपी अभिनव बारंगे ने कहा कि थाना प्रभारी प्रशांत ने महज 14 महीने के अंदर जो काम किया वह काम वाकई तारीफ के काबिल है. सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए प्रशांत ने ना सिर्फ आम लोगों का वर्दी के प्रति विश्वास बढाया, वही अपराधियों का मनोबल भी तोड़ने में कामयाबी हासिल की.









