
हाइलाइट्स
CM भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है.
AAP सरकार में 2 नए चेहरे को मंत्रिमंडल में जगह दी है.
दोनों विधायक आज बुधवार सुबह मंत्रिपद की शपथ लेंगे.
रिपोर्ट/ (एस. सिंह)
चंडीगढ़. पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की भगवंत मान (Bhagwant Mann) सरकार ने आगामी स्थानीय निकायों के चुनावों को देखते हुए अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है. सरकार ने करतारपुर से विधायक बलकार सिंह (Balkar Singh) और लंबी से विधायक गुरमीत सिंह खुंडिया (Gurmeet Singh Khudian) को मंत्रिमंडल में शामिल किया है. दोनों विधायक आज बुधवार सुबह मंत्रिपद की शपथ लेंगे. सरकार ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से समय मांगा है. इसी बीच स्थानीय निकाय मंत्री डा. इंदरबीर सिंह निज्जर ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है.
लंबी के विधायक गुरमीत सिंह खुंडिया ने 2022 के विधानसभा चुनावों में पांच बार के सीएम रहे दिवंगत प्रकाश सिंह बादल को हराया था. सरकार बनने के बाद से ही कैबिनेट में शामिल करने के लिए उनके नाम की चर्चा चल रही थी, हालांकि उन्हें मंत्री पद के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा. दूसरी ओर बलकार सिंह ने हाल ही में हुए जालंधर लोकसभा उपचुनाव में ‘आप’ के उम्मीदवार लिए एक शानदार सफलता सुनिश्चित करने में अपने विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
सीएम भगवंत मान ने स्थानीय निकाय मंत्री डा.इंदरबीर सिंह निज्जर का इस्तीफा स्वीकृत के लिए राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को भेज दिया है. सरकार ने उनके इस्तीफे का कारण निजी बताया है. राज्य में ‘आप’ सरकार के 14 महीने के शासन में मंत्रिमंडल का यह तीसरा विस्तार है. निज्जर आप शासन के दौरान कैबिनेट से इस्तीफा देने वाले तीसरे मंत्री बन गए हैं.
इससे पहले विजय सिंगला और फौजा सिंह सरारी दोनों ने ही पहले मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था. दोनों मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे. पार्टी के सूत्रों का कहना है कि यह फेरबदल आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए किया जा रहा है. ज्ञात हो कि पंजाब में मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री सहित 18 मंत्री हो सकते हैं. नए विस्तार के साथ मंत्रिमंडल की कुल संख्या 16 हो जाएगी, जबकि इस हिसाब से दो पद खाली रह जाएंगे.
.
Tags: CM Bhagwant Mann, Punjab, Punjab Cabinet Expansion
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 06:18 IST









