
हाइलाइट्स
चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को दी मात
धोनी की झोली में आया एक और आईपीएल खिताब
नई दिल्ली. कहने को तो स्टेज पूरी तरह गुजरात टाइटंस के लिए ही तैयार था. फाइनल रविवार को होना था, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में. ठीक उसी जगह मेगा मुकाबला था, जहां पिछली बार गुजरात ने पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था. हालांकि, पिछली तारीख से एक दिन पहले. लेकिन इंद्रदेव ने ऐसी कृपा बरसाई कि तारीख भी वही आ गई. अब सब कुछ गुजरात के लिए पिछले फाइनल को रिपीट करने सरीखा था, बस टीम अलग थी. यह विराट कोहली की आरसीबी नहीं, माही की यलो आर्मी थी.
इस मैच में ‘पांच’ का ऐसा जादू चला कि चेन्नई सुपर किंग्स 5वीं बार आईपीएल खिताब अपने नाम करने में सफल रही. भले ही ‘कुंगफू’ पंड्या कहे जाने वाले हार्दिक की टीम ने ऐसा टोटल बनाया हो, जिसे अब तक आईपीएल फाइनल में चेज नहीं किया जा सका था. गुजरात टाइटंस 200 से ऊपर का टोटल खड़ा कर फाइनल हारने वाली पहली टीम है. वह भी 5 के ‘जादू’ से.
तो शुरुआत करते हैं 5 के उस आंकड़े की जो गुजरात टाइटंस पर भारी पड़ गया. ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए गुजरात ने आईपीएल के फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया. बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 3 ही गेंद खेली थीं कि बारिश की वजह से मैच रुक गया. मुकाबला दोबारा शुरू हुआ तो इसमें 5 ओवर की कटौती हो चुकी थी. चेन्नई को अब बनाने थे, 15 ओवर में 171 रन. चेन्नई ने 5 विकेट खोकर 5 विकेट से फाइनल जीतकर 5वीं बार यह खिताब अपने नाम कर लिया. मुंबई इंडियंस के साथ ही 5वीं बार यह खिताब अपने नाम करने वाली चेन्नई अब दूसरी टीम बन चुकी है.
IPL 2023 Final: बीच सीजन में गंवाई कप्तानी, टीम से रिश्ता तोड़ने की ठानी! अब जीती सबसे बड़ी ‘लड़ाई’
इस बीच फैंस का दिल तब धड़कना लगभग बंद कर चुका था, जब पहली ही गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी डक पर आउट हुए. यह 5वीं मर्तबा था जब धोनी आईपीएल में जीरो पर आउट हुए. मोहित शर्मा ऐसा करने वाले 5वें गेंदबाज बने. उन्होंने पिछले मैच में 5 विकेट लिए थे. आखिरी ओवर करने आए मोहित शर्मा ने 4 बॉल ऐसी डालीं कि मैच सीएसके की गिरफ्त से बाहर जाता दिख रहा था, लेकिन 5वीं गेंद पर छक्का जड़कर रवींद्र जड़ेजा ने मैच चेन्नई की तरफ मोड़ा और फिर आखिरी गेंद पर ट्रॉफी उसकी झोली में डाल दी. बता दें कि ऑरेंज कैप विजेता शुभमन गिल फाइनल में 39 रन ही बना सके. रवींद्र जडेजा और एमएस धोनी ने गिल को अपने जाल में फंसाकर वापस पवेलियन भेज दिया. शुभमन गिल ने एक जून को रिलीज हो रही ‘स्पाइडर-मैन: अक्रॉस द स्पाइडर वर्स’ के हिंदी और पंजाबी संस्करणों में अपनी आवाज दी है.
.
Tags: Chennai super kings, Gujarat Titans, Hardik Pandya, IPL 2023, Ms dhoni
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 10:23 IST








