
संतोष कुमार गुप्ता/छपरा. हरियाणा के फरीदाबाद में अपनी प्रेमिका की हत्या करने के आरोप में छपरा में छुपे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. हत्या के आरोपी आनन्द कुमार को हरियाणा पुलिस ने छपरा के मशरक के चांद बरवा गांव से गिरफ्तार किया.
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद फरार आनंद अपना लोकेशन बार-बार बदल रहा था, लेकिन पुलिस उसके लोकेशन को ट्रैक कर उसके ठिकाने तक पहुंच गई और चांद बरवा गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया. इसके लिए हरियाणा पुलिस ने मशरक थाना की पुलिस का सहयोग लिया और तब छापेमारी की. गिरफ्तार आरोपी सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में रहनेवाले सुरेंद्र सिंह का बेटा आनंद कुमार है.
हत्या के बाद फरार
फरीदाबाद पुलिस के सब इंस्पेक्टर रामचन्द्र ने बताया कि आरोपी आनंद कुमार फरीदाबाद में एक लड़की से प्रेम करता था. आनंद की प्रेमिका किसी और से मोबाइल फोन पर बात कर रही थी, इसी बात पर वह आक्रोशित हो गया. इसके बाद 22 मई 2023 को अपनी प्रेमिका की हत्या कर वहां से फरार हो गया. प्रेमिका गोपालगंज जिले के श्यामपुर गांव की रहने वाली थी. फरीदाबाद थाना की पुलिस ने परिजनों की तरफ से मिले आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में जांच पड़ताल शुरू की थी. सब इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच के दौरान आनंद का कोई पता नहीं चला तो प्रेमिका के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली गई, इसी से आनंद के बारे में जानकारी हुई.
आपके शहर से (फरीदाबाद)
चांद बरवा में छुपा था आरोपी
सब इंस्पेक्टर रामचन्द्र ने बताया कि पुलिस ने आनंद का लोकेशन ट्रेस किया. इसी आधार पर पुलिसकर्मी आनंद, रमेश, सुरेंद्र, शंकर, अनिल के साथ वे खुद सारण जिला पहुंचे. यहां के चांद बरवा गांव में आरोपी अपने रिश्तेदार के घर छुपा था. स्थानीय पुलिस की मदद से आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. सब इंस्पेक्टर रामचन्द्र ने बताया कि कोर्ट से रिमांड पर आरोपी को फरीदाबाद ले जाया जा रहा है.
.
Tags: Chhapra News, Crime against women, Crime News
FIRST PUBLISHED : May 28, 2023, 07:06 IST









