
रवि पांडे, वाराणसी. धर्म के नाम पर धन उगाही के अलग अलग तरीके देखे जाते हैं. इन्ही तरीको में से एक तरीका वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में सामने आया है. जहां गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ के शिवलिंग को स्पर्श दर्शन कराने के नाम धनउगाही की जा रही थी. औचक निरीक्षण करने के दौरान मंदिर प्रशासन के दो कर्मचारी पकड़े गए हैं. दोनो के खिलाफ चौका थाने में मुदकमा दर्ज करवाया गया है.
बता दें कि कॉरिडोर बनने के बाद लगातार श्रद्धालुओ की भीड़ विश्वनाथ दरबार में रिकार्ड तोड़ रही है. ऐसे में श्रद्धालुओं को लम्बी लाइन में लगनी पड़ती है और स्पर्श दर्शन पर भी रोक लगी है. ऐसे में स्पर्श दर्शन के नाम पर मन्दिर के दो कर्मचारी श्रद्धालुओ से धन उगाही करते थे. जिसकी शिकायत मन्दिर प्रशासन को मिल रही थी. जिसके बाद बीते मंगलवार शाम डिप्टी कलेक्टर व मन्दिर के पाली प्रभारी ने मन्दिर में औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कुछ श्रद्धालुओ को स्पर्श दर्शन करते हुए देखा. जब पूछताछ हुई तो दो कमर्चारियों का नाम सामने आया जिन्हें तत्काल पकड़ लिया गया.
कमर्चारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मन्दिर के मुख्यकार्यपालक अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि व्यवस्था की सुधार के लिए मन्दिर प्रशासन द्वारा औचक निरीक्षण किया जाता है. मंगलवार को भी किया गया, जिसमें स्पर्श दर्शन कराते हुए मंदिर का सुरक्षा गार्ड रोहित और प्राइवेट कंपनी का सेवादार अभिषेक पकड़े गए. दोनों के ऊपर तत्काल कार्रवाई कड़ते हुए निकाल दिया गया और उनके ऊपर जालसाजी का मुकदमा दर्ज करवाया गया है.








