
गौरव सिंह/भोजपुर. बिहार के आरा में बनारस की तर्ज पर रिवर फ्रंट बनेगा. पर्यटन स्थल बनाने को लेकर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री सह सांसद आरके सिंह ने कवायद शुरू की है. मिली जानकारी के अनुसार, महुली घाट से सिन्हा घाट तक तीन किलोमीटर लंबा रिवर फ्रंट बनाया जाएगा. बनारस की तरह यहां गंगा आरती का भी भव्य आयोजन होगा.
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनेगा रिवर फ्रंट
देसी-विदेशी सैलानियों को आकर्षित करने और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए गंगा नदी के किनारे रिवर फ्रंट बनाने की कवायद शुरू हो गई है. केंद्रीय ऊर्जा मंत्री सह स्थानीय सांसद आर के सिंह की पहल पर गंगा नदी के किनारे सुविख्यात महुली घाट से ऐतिहासिक सिन्हा घाट तक लगभग 3 किलोमीटर के क्षेत्र में घाट को रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है. यात्री शेड,गार्डन, दाह संस्कार शेड, नौका बिहार, मस्केट लाइट इत्यादि चीजों के निर्माण भी किया जाएगा.
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व बड़हरा विधायक ने किया आकलन
इस सिलसिले में रिवर फ्रंट की संभावनाओं के आकलन के लिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने बड़हरा के विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त विक्रम वीरकर और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ स्थल निरीक्षण किया. इस क्रम में आरके सिंह ने रिवर फ्रंट के निर्माण के दृष्टिकोण से इससे जुड़े जलमार्ग से स्वयं भ्रमण कर अवलोकन तथा आकलन किया.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गंगा नदी के किनारे रिवर फ्रंट का निर्माण होने से न केवल इस स्थल का सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि आने वाले दिनों में इसके प्रति देसी और विदेशी सैलानियों का भी आकर्षण बढ़ेगा. इससे आरा, बड़हरा, जगदीशपुर आदि इलाके में पर्यटन उद्योग को भी विकसित किया जा सकेगा. उन्होंने कहा कि आरा के निकट प्रस्तावित रिवर फ्रंट और बाबू वीर कुंवर सिंह की जन्मस्थली जगदीशपुर का सौंदर्यीकरण कर इसे एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है. महुली घाट से ऐतिहासिक सिन्हा घाट तक दो स्थानों पर निर्मित एक हाई मास्ट लाइट के अलावा दो-दो अतिरिक्त हाई मास्ट लाइट लगाने तथा लोगों की सहूलियत के लिए दोनों स्थानों पर यात्री शेड के निर्माण का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.
.
Tags: Bhojpur news, Bihar News, Latest hindi news
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 10:39 IST








