
मुंबई. टीवी की दुनिया के फेमस शो ‘अनुपमा’ (Anupamaa) का हर ट्विस्ट दर्शकों को लुभाता है. लीड किरदार ‘अनुपमा’ से जुड़ी हर बात को लेकर लोग उत्सुक रहते हैं. वहीं, ‘अनुपमा’ के हस्बैंड ‘वनराज’ (Vanraj Shah) का भी इस शो में अहम किरदार है. शो में ‘वनराज’ का किरदार निभाने वाले सुधांशु पांडे (Sudhanshu Pandey) ने मनोरंजन की दुनिया में लंबा सफर तय किया है. कभी आर्मी में जाने की ख्वाहिश रखने वाले सुधांशु ने एक्टिंग की दुनिया में अलग मुकाम बना लिया है. लेकिन सुधांशु के लिए यह सफर आसान नहीं रहा. ‘अनुपमा’ से पहले उन्होंने कई बड़े प्रोजेक्ट्स के ऑफर ठुकराए हैं.
सुधांशु पांडे का जन्म 22 अगस्त 1974 को हुआ था. शुरुआती दिनों में वे आर्मी जॉइन करना चाहते थे लेकिन बाद में वे एक्टिंग की दुनिया में शामिल हो गए. आर्मी स्कूल में वे प्रियंका चोपड़ा के सीनियर रहे हैं. मॉडलिंग के बाद सुधांशु ने 1998 में टीवी शो ‘कन्यादान’ से एक्टिंग कॅरियर की शुरुआत की थी. फिल्मों में उन्होंने ‘खिलाड़ी 420’ के जरिए कदम रखा था. सुधांशु पहले बॉयज बैंड ‘A Band of Boys’ के सदस्य भी रह चुके हैं.
कुछ कंडीशंस ऐसी थीं कि…
सुधांशु पांडे जल्द ही अपनी साथी कलकार मदालसा शर्मा के साथ म्यूजिक वीडियो में नजर आएंगे. सुधांशु ने हाल ही ई टाइम्स से बातचीत की और कॅरियर को लेकर कई बातें साझा कीं. सुधांशु का कहना था, ‘मुझे कई बड़े प्रोजेक्ट्स के प्रस्ताव मिल रहे थे लेकिन उनकी कुछ कंडीशन ऐसी थीं कि वे मुझे मंजूर नहीं थी. हम सेल्फ मेड लोग हैं और गलत बातों को आगे सिर नहीं झुका सकते. ऐसे में मुझे कई प्रोजेक्ट्स ठुकराने पड़े. मैं कभी भी कॅरियर में ऐसे निर्णय नहीं लेना चाहता, जिनके कारण मुझे भविष्य में पछताना पड़े. मैं वह नहीं कर सकता, जिनकी मुझसे उम्मीद नहीं की जा सकती. यही वजह रही कि मैंने बड़े लीड कैरेक्टर्स ठुकरा दिए.’
बता दें कि सुधांशु ने साल 2020 में ‘अनुपमा’ करना शुरू किया था और इसमें उनके ‘वनराज शाह’ के किरदार को काफी प्रशंसा मिली है. इस शो के कारण उनके कॅरियर बहुत फायदा मिला है. पर्सनल लाइफ की बात करें तो सुधांशु ने मोना पांडे से शादी की थी और उनके दो बेटे हैं निर्वाण और विवान.
.
Tags: Anupamaa, Entertainment Special, Rupali Ganguly
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 07:47 IST








