
हाइलाइट्स
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व धार्मिक स्थलों के अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया
इस अभियान के तहत 370 मजारों और 45 के आसपास मंदिरों को ध्वस्त कर दिया गया है
देहरादून. अतिक्रमण हटाने की दिशा में सरकार को बड़ी सफलता मिली है. कॉर्बेट टाइगर रिजर्व धार्मिक स्थलों के अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है. दरअसल, उत्तराखंड में इन दिनों धर्म स्थलों के नाम पर किए गए अतिक्रमण पर धामी सरकार का बुलडोजर गरज रहा है. दिसंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत 370 मजारों और 45 के आसपास मंदिरों को ध्वस्त कर दिया गया है.
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व को तो पूरी तरह धार्मिक अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है. यहां गुरुवार सुबह ढेला और मोरघट्टी रेंज में दो मजार और एक मंदिर को ध्वस्त करने के साथ ही कुल 14 मजारें और 4 मंदिर हटाए जा चुके हैं. अभियान के नोडल अफसर पराग मधुकर धकाते ने बताया कि जिम कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है. गुरुवार को 14 मजारें और 4 मंदिरों को ध्वस्त किया गया.
इधर, युद्धस्तर पर की जा रही इस कारवाई को लेकर सरकार को पार्टी संगठन का भी सहयोग मिल रहा है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि देवभूमि के स्वरूप को जो भी बिगाड़ने का प्रयास करेगा धर्म रक्षक धामी उसे बर्दाश्त नहीं करेंगे. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भी इसे एक अच्छी पहल बताया. गौरतलब है कि प्रदेश में अभी 600 के आसपास मजारें और हैं, जो सरकारी लैंड पर अतिक्रमण कर बनाई गई हैं. इस बीच धर्मनगरी हरिद्वार में भी 40 और नई मजारें चिन्हित की गई हैं. अगले कुछ दिनों में इन पर भी बुलडोजर चलाने की तैयारी है.
.
Tags: Dehradun news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : May 20, 2023, 08:40 IST









