
रिपोर्ट- गुलशन सिंह
बक्सर. यदि आप अपने निजी वाहन से राजधानी पटना जाने वाले हैं तो आपकी जेब ढीली होने वाली है. ऐसा इसलिए क्योंकि राष्ट्रीय राजमार्ग- 922 पटना-बक्सर फोरलेन पर दलसागर के समीप टोल प्लाजा बुधवार से काम करना शुरू कर दिया है. इतना हीं नहीं वीर कुंवर सिंह सेतु के समानांतर गंगा नदी पर बने नए पुल को भी चालू कर दिया गया है. जिससे 9 साल बाद बक्सर होकर गाड़ियां उत्तर प्रदेश जाने लगी है. इस पुल के शुरू होने से जहां ट्रक चालकों में दूरी कम होने की खुशी है वहीं एनएच-922 पर चलने वाली लोकल वाहन चालकों में टोल टैक्स को लेकर मायूसी देखने को मिल रही है.
बिना फास्टैग वाले वाहनों से लिए जाएंगे दोगुना टैक्स
दलसागर टोल प्लाजा पर टोल वसूली करने वाले कंपनी के मैनेजर शेखर सिंह ने बताया कि बक्सर और आरा के बीच में बने इस नेशनल हाईवे पर यह एकमात्र टोल प्लाजा है, जिसे शुरू कर दिया गया है. इसके साथ-साथ गंगा नदी पर बने पुल को भी चालू कर दिया गया है. जिससे अब इस रास्ते से बड़े वाहन भी उत्तर प्रदेश आसानी से जा सकते हैं. वहीं गाड़ियों से टोल लेने के लिए अप और डाउन में 4-4 पासिंग लेन भी बनाए गए हैं. उन्होंने बताया कि टोल टैक्स वसूली का पूरा सिस्टम ऑटोमेटिक है. हालांकि, इसमें दो नगद काउंटर अतिरिक्त बनाए गए हैं. जहां टोल कर्मी तैनात है. उन्होंने बताया कि वैसे तो टोल वसूली गाड़ियों के फास्टैग से होगी, लेकिन जिन वाहनों पर फास्टैग नहीं होगा उन्हें दोगुना टोल देना होगा.
वाहन के मुताबिक लगेगा टोल टैक्स
मैनेजर शेखर सिंह ने बताया कि इस टोल प्लाजा पर जीप व कार के लिए 95 रुपए, हल्के व्यावसायिक वाहन के लिए 150 रुपए, बस और ट्रक के लिए 315 रुपए, तीन धुरी वाहन से 345 रुपए, चार से छह धुरी वाले वाहन से 495 रुपए, विशाल वाहन या सात धुरी वाहन के लिए 605 प्रति ट्रिप टोल टैक्स लगेगा. बक्सर नंबर प्लेट वाले वाहन या अन्य जगह के वाहन जो बक्सर के पते पर रजिस्टर्ड होंगें उससे 330 रुपए प्रति महीने का टैक्स लगेगा. इसके अलावा ट्रैक्टर, दो पहिया वाहन व ऑटों से शुल्क नहीं वसूला जायेगा. हालांकि व्यावसायिक ट्रैक्टरों का शुल्क लगेगा. उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा के लेन में वजन के लिए मशीन लगाई गई है. जैसे हीं कोई गाड़ी टोल प्लाजा पर आएगी उसका वजन ऑटोमेटिक हो जाएगा. उन्होंने बताया कि एनएचएआई के निर्धारित मानकों से अधिक वजन होने पर वाहनों को टोल के साथ अतिरिक्त हर्जाना भी भरना होगा.
स्थानीय वाहन चालकों में मायूसी
बकसर जिले के लोकल वाहन चालकों में टोल टैक्स वसूली का कार्य प्रारंभ हो जाने से रोष देखने को मिल रहा है. स्थानीय वाहन चालकों ने बताया कि इस रास्ते से जाने वाली लोकल गाड़ियां मात्र थोड़ी दूर जा रही है तो उन्हें पूरे रास्ते का टोल देना पड़ रहा है. वाहन मालिकों का कहना है कि लोकल गाड़ियों से भी उतना ही टोल लिया जा रहा है. इस पर एनएचएआई को विचार करने की जरूरत है ताकि लोकल वाहन चालकों को राहत मिल सके.
.
Tags: ARA news, Bihar News, Buxar news, Highway toll, National Highways Authority of India, Toll plaza, Toll Tax New Rate
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 10:01 IST









