
रिपोर्ट: पीयूष पाठक
अलवर. राज्य सरकार की ओर से घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को भले ही 100 यूनिट तक फ्री बिजली की घोषणा की गई हो. लेकिन, पुराने बिजली के बिलों का अधिभार फ्यूल चार्ज के रूप में चुकाना ही होगा. आने वाले जून के महीने के बिजली के बिल में 52 पैसे प्रति यूनिट फ्यूल चार्ज उपभोक्ताओं से वसूला जाएगा. जयपुर डिस्कॉम की ओर से यह आदेश जारी किए गए हैं. हालांकि, 50 यूनिट फ्री बिजली एवं कषि कनेक्शन उपभोक्ताओं को यह फ्यूल चार्ज नहीं देना होगा. जयपुर डिस्कॉम की ओर से मई महीने के बिजली बिल में उपभोक्ताओं से 45 पैसे प्रति यूनिट फ्यूल चार्ज वसूला गया था.
राज्य सरकार की ओर से घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 100 यूनिट एवं कषि कनेक्शन पर बिजली बिल माफ करने और इन दिनों चल रहे महंगाई राहत शिविरों के बीच डिस्कॉम की ओर से बिजली बिल में फ्यूल चार्ज वसूलने को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगे. इसके बाद भी जयपुर डिस्कॉम ने आगामी जून माह के बिजली बिल में 52 पैसे प्रति यूनिट फ्यूल चार्ज वसूलने के आदेश दिए हैं.
आपके शहर से (अलवर)
इसलिए वसूल रहे फ्यूल चार्ज
जयपुर डिस्कॉम के एससी जौहरी लाल मीणा ने बताया कि हर तीन महीने का ईंधन अधिभार के रूप में फ्यूल चार्ज वसूला जाता है. बिजली निगम यह राशि राज्य सरकार को देता है. बिजली या कोयला आदि की खरीद दर और बिजली बेचान की दर में पूर्व में रही अंतर राशि को डिस्कॉम उपभोक्ताओं से फ्यूल चार्ज के रूप में वसूलता है. बिजली निगम की ओर से वसूला जा रहा पफूल चार्ज भी इसी कारण बिजली बिल के साथ लिया जा रहा है.
पिछले साल का ईंधन अधिभार अब वसूल रहे
जयपुर डिस्कॉम की ओर से वर्ष 2022 के अक्टूबर से दिसम्बर माह में रहा ईंधन अधिभार को जून के बिजली बिल में वसूला जाएगा. इससे पूर्व मई महीने के बिजली बिल में वर्ष 2022 के मई से जुलाई का ईंधन अधिभार 45 पैसे प्रति यूनिट की दर से फ्यूल चार्ज वसूला गया था.
.
Tags: Alwar News, Cost of electricity, Electricity Bills, Electricity Department, Rajasthan government, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 08:53 IST









