
दौलत पारीक
टोंक. शहर में स्मैक का कारोबार इस समय चरम पर है और अपराधी धड़ल्ले से इसकी तस्करी कर रहे है. ताजा मामला पुरानी टोंक थाना क्षेत्र का है, जहां तस्कर द्वारा नाबालिग बच्चों से स्मैक बिकवाने के मामला सामने आया है. टोंक में पुरानी टोंक थाना पुलिस ने नाबालिग से स्मैक बिकवाने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है. मेहंदीबाग के रहने वाले अरबाज उर्फ अरबाज मुल्ला से पुलिस पूछताछ कर रही है.
दरअसल जनवरी में कोतवाली पुलिस ने एक नाबालिग को 4 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा था. उस वक्त पुलिस को शक हुआ कि इसके पीछे बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच पुरानी टोंक थानाधिकारी को सौंपी थी. पुलिस ने नाबालिग से पूछताछ कर कॉल डिटेल और गहनता से जांच की तो अरबाज का नाम सामने आया. पुलिस ने जानकारी जुटाई तो सामने आया कि आरोपी खुद भी स्मैक पीता है और बच्चे को कुछ पैसे का लालच देकर स्मैक बेचने का काम करवाता है.
सीओ सिटी सलेह मोहम्मद ने मामले की गंभीरता देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ कर नशे के नेटवर्क की जानकारी जुटा रहे हैं. हालांकि पुलिस को अभी तक इस पूरे मामले में कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लग सकी है. सलेह मोहम्मद ने बताया कि पुलिस को इलाके से महिलाओं के स्मैक बेचने की भी जानकारी मिली है, लेकिन महिलाएं स्मैक बेचने के लिए बाहर नहीं आती है. ऐसे में घरों से महिलाओं को पकड़ने में पुलिस को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
पुलिस जुटी नशे के नेटवर्क का पर्दाफाश करने
वहीं पुलिस के हाथ आए आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है. पुलिस नशे के नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुट गई है और लगातार शहर में जगह-जगह छापेमारी कर इस पूर नेटवर्क का भांडा फोड़ने की फिकार में है. हालांकि पुलिस को अभी तक इस पूरे मामले में कोई पुख्ता जानकारी हासिल नहीं हो सकी है.
बच्चों से बिकवा रहे नशीले पदार्थ
तस्कर स्मैक, कोकिन जैसे नशीले पदार्थ बच्चों से बिकवा रहे है. नशे के इस काले धंधे में बच्चों की एंट्री बेहद खतरनाक है. ऐसे में पुलिस के सामने बड़ा चैलेंज है कि बच्चों को इस नशे के कारोबार में आने से रोके और बच्चों को इस धंधे में उतारते वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों को भी सही राह मिल सके.









