
रवि पाण्डेय/ वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में बीते मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी. 32 साल के एक शख्स ने फेसबुक लाइव करते हुए फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली. मौत के पहले उसने अपने पिता और पत्नी को संदेश भी दिया. आत्महत्या करने वाले व्यक्ति के इस मौत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक आत्महत्या करने वाला युवक वाराणसी के एक बड़े समाजसेवी का छोटा भाई है, जिसका नाम कणाद है. कणाद पांच भाइयों में सबसे छोटा है. एक वर्ष पूर्व उसने शादी की थी तब से उसे उसके पुस्तैनी मकान धरहरा में रहने के लिए भेजा गया. परिवार वालों ने बताया कि वो नशे का आदि था, पिता के रहते ही जायदाद में हिस्सा मांग रहा था, जिसे बार-बार मना कर दिया जा रहा था.
डरिएगा नहीं पापा…
बीते मंगलवार को कणाद की पत्नि पांडेयपुर स्थित मकान पर आई थी. उस वक्त कणाद घर पर अकेला था. लगभग रात 10 बजकर 30 मिनट पर वो फेसबुक पर लाइव आया, आत्महत्या करने से पहले कणाद ने अपने पिता और पत्नी के बारे में बताया. उसने पत्नी से माफी मांगी और पिता को न डरने की बात कही.
पत्नी और पिता को दिया संदेश
उसने फेसबुक लाइव पर कहा, ‘अपने घर से हार गया. अपने भाइयों से हार गया. कुछ लोग, जिन्हें मैं अपना मानता था उनसे हार गया. मैं अपनी पत्नी से माफी मांगूगा, अपने परिवार से और पिता से माफी मांगूगा. पिता जी मैं आपके लायक कभी नहीं बन पाया. जैसा आप चाहते थे वैसा बेटा नहीं बन पाया. लेकिन शायद वैसा बेटा था. एक रुपया भी नहीं कमा पाया लेकिन एक लाख की इज्जत करता हूं मैं. अब सब खत्म’. फिर बनारसी लहजे में बोला-डरिएगा नहीं पापा, रोइयेगा नहीं पापा. इतना बोलकर वो उठा और पंखे के सहारे फंदे से झूल गया.









