
हाइलाइट्स
दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों मे प्री-मॉनसून गतिविधि जारी है.
बिहार के कई जिलों में भी मौसम में बदलाव नजर आया है.
प्री-मॉनसून गतिविधि में धूल भरी आंधी और मध्यम बारिश का सिलसिला चल रहा है.
नई दिल्ली. देश के कई राज्यों में इन दिनों धूल भरी आंधी और हल्की बारिश का सिलसिला जारी है. हालांकि इससे तापमान पर कुछ खास असर नहीं पड़ रहा है. लेकिन कुछ देर के लिए मौसम में ठंडक बनी रही है. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के मैदानी इलाकों में प्री-मॉनसून गतिविधि जारी है. बीते मंगलवार से कई राज्यों में धूल भरी आंधी चल रही है. मौसम की ये गतिविधियां आज भी जारी रह सकती हैं.
स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक पठानकोट, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, बरनाला, बठिंडा, फिरोजपुर, अंबाला, करनाल, सिरसा, रोहतक, गंगानगर, हनुमानगढ़, अनूपगढ़ सहित कई शहरों में हल्की बारिश के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है. हालांकि इसके बाद बीच में ये गतिविधि थम जाएगी. दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में मंगलवार से ही धूल भरी आंधी और मध्यम बारिश का सिलसिला जारी है. बीती रात को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई. वहीं आज सुबह तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है.
IMD ने ट्वीट कर कहा, ‘एनसीआर (लोनी देहात, हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, बल्लभगढ़) और हरियाणा (पलवल और नूंह) के आस-पास के इलाकों में 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. साथ ही मध्यम गति से बारिश होगी.’ इसके अलावा आईएमडी ने ट्वीट कर बारिश का अलर्ट भी जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर के मौसम में ये बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से हो रहा है.
21 मई से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
फिलहाल मौसम विभाग ने दो दिन का अलर्ट जारी किया है. तेज हवा और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल भी बारिश हो सकती है. आज सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं भी चल रही हैं. हालांकि 20 और 21 को आसमान फिर से साफ हो सकता है. लेकिन इसके बाद एक बार फिर बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला शुरू हो जाएगा. मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि 21 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय हो रहा है.
.
Tags: Delhi weather, Weather Update
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 07:06 IST








