
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊः देश में एक अलग ही पहचान बना चुकी लखनऊ यूनिवर्सिटी के छात्र छात्राओं को लगातार देश की जानी-मानी कंपनियों में नौकरियां मिल रही हैं. यहां के छात्र-छात्राएं अच्छे सैलरी पैकेज पर कंपनियों द्वारा हाथों-हाथ लिए जा रहे हैं. लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र छात्राओं को नौकरी देने के मामले में लगातार आगे बढ़ रहा है. इसी कड़ी में लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी संकाय के प्लेसमेंट सेल की ओर से मंगलवार को एक प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया गया. इसमें 12 छात्र-छात्राओं को इंफोसिस कम्पनी में नौकरी मिली.
लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने छात्र छात्राओं के प्लेसमेंट पर कहा कि हम वैश्वीकरण के इस चुनौतीपूर्ण युग में मानव संसाधन के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं. विश्वविद्यालय की ओर से अच्छी शिक्षा देने का प्रयास लगातार किया जा रहा है. छात्र-छात्राओं की मेहनत उन्हें अच्छे मुकाम पर पहुंचा रही है. नौकरी पाकर छात्र-छत्राओं के चेहरे भी खुशी से खिल उठे. छात्र-छात्राओं ने अपनी इस सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय की फैकेल्टी और कुलपति को दिया है.
छात्र-छात्राओं की सफलता पर गर्व
आपके शहर से (लखनऊ)
अभियांत्रिकी संकाय के डीन प्रो. एके सिंह ने कहा, हमें खुशी है कि एक बार फिर देश की बहुराष्ट्रीय कंपनी में विश्वविद्यालय के छात्रों का चयन हुआ है. प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने बताया कि इंफोसिस कैंपस प्लेसमेंट के प्रथम चरण में घोषित रिजल्ट में लखनऊ विश्वविद्यालय आईएमएस बीबीए के 12 छात्र-छात्राओं यश सिंह, वैष्णवी भट्ट, विधि शुक्ला, अजीत कुमार, आशुतोष मिश्रा, दीप्ति राय, सिद्धार्थ सिंह, रिया शर्मा, धनंजय यादव, हर्ष मिश्रा, जयती पाण्डेय और कशिश यादव का प्लेसमेंट बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट- ट्रेनी के पद पर 2.45 लाख प्रतिवर्ष के पैकेज पर हुआ है. उन्होने बताया कि जल्द ही दूसरे चरण में इंफोसिस अन्य छात्र-छात्राओं के चयन की सूची जारी करेगी.
.
Tags: Education news, Lucknow news, UP news
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 10:25 IST









