
आदित्य कुमार/नोएडा. उत्तर प्रदेश के नोएडा (Noida) को सपनों का शहर कहा जाता है. यहां लाखों की आबादी बसती है. सबका सपना है कि उसका अपना एक छोटा सा घर हो, लेकिन लाखों ऐसे फ्लैट बायर्स हैं जिनका यह सुंदर सपना टूटने वाला है. यह लोग दस साल से इंतजार कर रहे कि इनको इनका घर मिल जाएगा. इसमें आम्रपाली (Amrapali) के फ्लैट बायर्स (Flat Buyers) भी हैं जो 2013-14 से घर का इंतजार कर रहे थे, लेकिन पिछले दिनों इनके पास एक मैसेज आया जिसके बाद सैकड़ों लोग डरे हुए हैं. मैसेज में उनके घर की बुकिंग कैंसिल करने की बात कही गई थी.
दीपक कुमार बताते हैं कि वर्ष 2013 में मैंने फ्लैट बुक किया था, आज 2023 है. दस साल इस इंतजार में निकाल दिया कि न्याय मिलेगा, अपना घर मिलेगा, लेकिन अब न्याय की आस खत्म हो रही है. आम्रपाली के कुल 45-46 हजार फ्लैट बायर्स हैं जिसमें से 1,500 के आसपास सबवेंशन स्कीम वाले हमलोग हैं. कुछ दिनों पहले हम सबके पास एक मैसेज आया जिसमें लिखा था कि अगर हमनें बैंक में बकाया पैसा नहीं दिया तो घर कैंसिल हो जाएगा. 12 प्रतिशत ब्याज के साथ पैसा जमा करना है. हमें न तो घर मिला, न हमारा पैसा मिला. अब कह रहे हैं घर कैंसिल कर देंगे.
अपने फ्लैट के लिए दे चुके हैं 90 प्रतिशत राशि
वहीं, अर्पित अग्रवाल बताते हैं कि मैंने 2014 में फ्लैट बुक किया था. यह मेरा पहला घर था. मैंने होम लोन लिया था. मैंने 90 प्रतिशत तक पैसा जमा कर दिया था. आम्रपाली बिल्डर दिवालिया हो गया, ऐसे में हमारा घर अटक गया. सुप्रीम कोर्ट ने कोर्ट रिसीवर नियुक्त किया था, लेकिन उनसे भी समाधान निकलता नहीं दिख रहा है. जब घर नहीं मिला तो मैंने होम लोन का ईएमआई देना बंद कर दिया. अब कह रहे हैं कि पैसा देना होगा, लेकिन घर का नामो-निशान नहीं है. कोर्ट रिसीवर से संपर्क साधने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 10:36 IST








