
हाइलाइट्स
पार्ट-टाइम नौकरी की लालच देकर पैसे लूट रहे हैं जालसाज.
पीड़ित को यूट्यूब वीडियो लाइक करने पर मोटी कमाई देने की बात कही गई.
पीड़ित को शुरू में आश्वासन दिया गया था कि उसने 69 लाख रुपये का मुनाफा कमाया है.
ऑनलाइन स्कैम बहुत तेजी से बढ़ रहा है. आए दिन हम ये भी देख रहे हैं कि जालसाज यूट्यूब वीडियो लाइक करने का झांसा देकर लोगो को चूना लगा रहे हैं. इसी बीच एक IT प्रोफेशनल के साथ भी कुछ ऐसा हुआ, जिसके चलते स्कैमर्स ने उसे 42 लाख की चपत लगा दी है. पीड़ित को वॉट्सऐप पर फर्जी मैसेज मिला, जिसमें पार्ट टाइम जॉब देने का वादा किया गया था. मैसेज में लिखा था ‘सिर्फ यूट्यूब वीडियो लाइव करके ज़्यादा पैसे कमाएं’.
पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम सेक्टर 102 में एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करने वाले पीड़ित को 24 मार्च को वॉट्सऐप पर एक मैसेज मिला, जिसमें उसे पार्ट-टाइम नौकरी का ऑफर मिला. उसे बताया गया कि वह YouTube पर वीडियो लाइक करके ज़्यादा पैसे कमा सकता है. बाद में उसे टेलीग्राम पर एक ग्रुप में जोड़ा गया, जिसका नाम कथित तौर पर दिव्या नाम की एक महिला ने रखा था.
ग्रुप में शामिल होने के तुरंत बाद, कमल, अंकित, भूमि और हर्ष के नाम से जाने वाले ग्रुप के मेंबर ने गारंटीड रिटर्न का वादा करके पीड़ित को अपना पैसा निवेश करने के लिए राजी किया. पीड़ित ने अपने और अपनी पत्नी के बैंक खातों से 42,31,600 रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी.
ट्रांसफर कर दिए 42 लाख रुपये
पीड़ित ने बताया, ‘जब मैंने उनके साथ काम करने की हामी भरी तो दिव्या नाम की एक महिला ने मुझे टेलीग्राम ऐप पर एक ग्रुप में शामिल कर लिया. उसने मुझे बेहतर रिटर्न के दावे के साथ पैसा लगाने के लिए कहा. टास्क देखते हुए मैनें अपने और अपनी पत्नी के अकाउंट से 42,31,600 रुपये ट्रांसफर कर दिए.
पीड़ित को शुरू में आश्वासन दिया गया था कि उसने 69 लाख रुपये का मुनाफा कमाया है. हालांकि, जब उसने रुपये निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने अतिरिक्त 11,000 रुपये की मांग की’.
यहां पीड़ित को मालूम हो गया कि उसके साथ धोखा हुआ है, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया और जालसाजों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है, और स्कैमर्स का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
खुद का करें बचाव
जालसाज वॉट्सऐप और टेलीग्राम पर लोगों से ऐसे ऑफर्स के साथ कॉन्टैक्ट कर रहे हैं जो देखने में काफी सच लगते हैं. वे पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं. ऑनलाइन घोटालों का शिकार होने से बचने के लिए, आकर्षक प्रस्तावों से सावधान रहना ज़रूरी है जो फर्जी रिटर्न का वादा करते हैं. अपनी मेहनत की कमाई का निवेश करने से पहले पूरी तरह से रिसर्च करना हमेशा समझदारी है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Mobile Phone, Tech news, Tech news hindi
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 08:32 IST








