
हाइलाइट्स
बेल्लारी से लौह अयस्क ले जा रहे ट्रक से वाहन टकराया
तिरुमाला से आ रहे थे श्रद्धालु, तड़के साढ़े 5 बजे हुआ हादसा
कडपा (आंध्र प्रदेश). आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के कडपा जिले में सोमवार तड़के मंदिर से पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक वाहन में एक ट्रक ने टक्कर मार (Road Accident) दी जिससे 6 लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि वाहन में 12 श्रद्वालु सवार थे और जैसे ही यह जिले के पेंचियानंतपुरम गांव पहुंचा तभी लौह अयस्क से लदे एक ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी.
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक कडपा के पुलिस अधीक्षक के के एन अंबुराजन ने बताया कि वे तिरुमाला से आ रहे थे और तड़के साढ़े 5 बजे कर्नाटक के बेल्लारी (Karnataka, Bellary) से लौह अयस्क ले जा रहे एक ट्रक से उनका वाहन टकरा गया. उन्होंने बताया कि सभी लोग तिरुपति में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के दर्शन करने के बाद तड़ीपत्री की ओर जा रहे थे.
अंबुराजन ने कहा कि घायलों को अनंतपुरम में स्थानांतरित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि फिलहाल हादसे में मारे गए लोगों के नाम पता नहीं चले हैं.
बीते माह अप्रैल में भी आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले से एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई थी. वहीं, चार अन्य घायल हो गए थे. यह दुर्घटना चित्तूर-कडप्पा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुरम मंडल में कोठापल्ली क्रॉस के पास को 16 अप्रैल को तड़के हुई थी जब दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में मृतक 4 लोगों में से 2 महिलाएं भी थीं. पुलिस ने घायलों को कडपा स्थित राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया था.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Andhra pradesh news, Death, Road accident
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 13:49 IST









